राजस्थान

चौथ माता मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, फूल बंगला झांकी ने मोहा

चौथ का बरवाड़ा, 20 मार्च। चैत्र नवरात्रि के पावन पर्व के प्रथम और द्वितीय दिन श्री चौथ माता मंदिर में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं और गुरुवार को अभिजीत मुहूर्त में विधि-विधान के साथ घट स्थापना एवं जुहारा बुआई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आचार्य अवधेश दाधीच के पावन सानिध्य में मंत्रोच्चारण के बीच घट स्थापना संपन्न हुई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने माता रानी के दर्शन कर अपने घर-परिवार, क्षेत्र और समाज में सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। घट स्थापना कार्यक्रम में मंदिर श्री चौथ माता ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष बनवारी लाल सैनी, सदस्य रामकिशन गुर्जर, राजेंद्र सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग और पुजारी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर विधिपूर्वक पूजा-अर्चना में भाग लिया। इस अवसर पर चौथ माता के पुजारी शंकर लाल सैनी ने हिंदू नव वर्ष एवं चैत्र नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि माता रानी सभी श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण करें और उनके जीवन में सुख, शांति व समृद्धि बनाए रखे। इस दौरान उन्होंने चैत्र नवरात्रि पर्व का महत्व और नवरात्रि के दौरान होने वाले विशेष कार्यक्रमों के बारे में जानकारी प्रदान की। ट्रस्ट सदस्यों ने बताया कि मंदिर ट्रस्ट की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए छाया, पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, जिससे दूर-दराज से आने वाले भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

फूल बंगला झांकी बनी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र: नवरात्रि के इस विशेष अवसर पर चौथ माता के परम भक्त कापरेन निवासी सत्यनारायण राठौर फ्लावर्स की ओर से भव्य फूल बंगला झांकी सजाई गई, जिसने सभी का मन मोह लिया। वर्तमान में कोटा के गुमानपुरा क्षेत्र में निवास कर रहे राठौर ने बताया कि यह झांकी पहली बार उनके द्वारा मंदिर में सजाई गई है और इसे तैयार करने में पूरी रात का समय लगा। उनकी टीम के सदस्य लोकेश और अजय ने भी इसमें महत्वपूर्ण योगदान दिया। रंग-बिरंगे फूलों से सजी इस आकर्षक झांकी को देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी और सभी ने इसकी भूरी-भूरी प्रशंसा की।

गणेश बगीची में निशुल्क पंगत प्रसादी भंडारे का शुभारंभ:  मंदिर श्री चौथ माता ट्रस्ट धर्मशाला के पास स्थित गणेश बगीची में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी निशुल्क पंगत प्रसादी भंडारे का आयोजन शुरू किया गया। नवरात्रि के प्रथम दिन इस भंडारे का शुभारंभ ट्रस्ट सदस्य बलवीर सिंह, राजेंद्र सिंह, रामकिशन गुर्जर, व्यवस्थापक रामावतार गुर्जर, गिर्राज वर्मा, रामकिशन सैनी सहित अन्य श्रद्धालुओं की उपस्थिति में किया गया। भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। ट्रस्ट द्वारा सुव्यवस्थित तरीके से भंडारे का संचालन किया गया, जिससे सभी भक्तों को सहज रूप से प्रसादी मिल सकी।

वीर घंटों की ध्वनि से गूंजा मंदिर परिसर:  नवरात्रि के प्रथम एवं द्वितीय दिन मंदिर परिसर में वीर घंटों की गूंज लगातार सुनाई देती रही, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया। सुबह की मंगल आरती से लेकर रात की शयन आरती तक श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। भक्तों ने विधिपूर्वक पूजा-अर्चना कर माता के दर्शन किए और परिक्रमा कर अपनी श्रद्धा अर्पित की। पूरे दिन मंदिर परिसर में भक्ति, उल्लास और अनुशासन का अद्भुत नजारा देखने को मिला।इस प्रकार चैत्र नवरात्रि के पहले दिन चौथ माता मंदिर में धार्मिक आस्था, सेवा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। श्रद्धालुओं के उत्साह और ट्रस्ट की व्यवस्थाओं ने इस आयोजन को और भी सफल एवं यादगार बना दिया। आने वाले दिनों में भी इसी प्रकार श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *