जरूरतमंद परिवारों के बीच पहुंची किरण क्रांति फाउंडेशन की टीम, 200 से अधिक महिलाओं को बांटी राशन किट
जयपुर, 6 अक्टूबर। दीपावली की खुशियां हर घर तक पहुंचे, इसी उद्देश्य के साथ किरण क्रांति फाउंडेशन ने इस बार भी जरूरतमंद और वंचित परिवारों के बीच दीपोत्सव मनाया। फाउंडेशन की ओर से 206 बीघा गोकुलपुरा, कालवाड़ रोड के आसपास बसी बंजारा एवं घुमंतू जाति की कच्ची बस्तियों में पहुंचकर महिलाओं को राशन किट वितरित की गईं। वहीं बच्चों को पटाखे और मिठाइयां देकर उनके साथ दीपावली की खुशियां साझा की गईं।
जयपुर से डॉ. किरण देवल ने बताया कि फाउंडेशन की ओर से प्रतिवर्ष इन बस्तियों में रहने वाले जरूरतमंद परिवारों के साथ दीपावली मनाई जाती है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए 5 नवंबर को आयोजित कार्यक्रम में 200 से अधिक महिलाओं को राशन किट दी गईं। राशन सामग्री पाकर महिलाओं के चेहरों पर खुशी नजर आई। फाउंडेशन के सदस्यों ने बस्तियों में स्थित झुग्गियों में दीपक जलाकर रोशनी भी की।
जरूरतमंदों के चेहरों पर मुस्कान लाना ही दीपावली का उद्देश्य
डॉ. किरण देवल ने कहा कि दीपावली केवल अपने घरों को रोशन करने का त्योहार नहीं है, बल्कि समाज के वंचित और असहाय लोगों के जीवन में खुशियों का उजाला लाने का भी अवसर है। त्योहार की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब खुशियां समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचें और कोई भी परिवार खुद को अकेला महसूस न करे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वार्ड नंबर 26 की नवनिर्वाचित पार्षद श्रीमती सुशीला यादव और उनके पति श्री राकेश यादव उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों को आशीर्वाद दिया और फाउंडेशन की ओर से किए जा रहे सामाजिक सेवा कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर डॉ. अपेक्षा जैन, किरण चारण, शैलेन्द्र शेखावत सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं फाउंडेशन के सदस्य मौजूद रहे।

