बॉलीवुड बादशाह शाहरुख खान 61 साल के हुए
मुंबई, 02 नवंबर। ‘दीवाना’ से मिली फिल्मी पहचान, ‘बाजीगर’ और ‘डर’ ने बदली किस्मत; DDLJ ने बनाया रोमांस का किंग, अभिनय के साथ फिल्म निर्माण में भी जमाया सिक्का बॉलीवुड के बादशाह और किंग खान के नाम से मशहूर अभिनेता शाहरुख खान आज 61 साल के हो गए हैं। 2 नवंबर 1965 को दिल्ली में जन्मे शाहरुख खान ने छोटे पर्दे से अपने अभिनय सफर की शुरुआत की और देखते ही देखते हिंदी सिनेमा के सबसे लोकप्रिय सितारों में शामिल हो गए। रोमांटिक हीरो से लेकर नकारात्मक किरदारों तक, शाहरुख ने अपने अभिनय के दम पर हर भूमिका में दर्शकों का दिल जीता। आज उनका नाम केवल एक अभिनेता के रूप में ही नहीं, बल्कि सफल फिल्म निर्माता और वैश्विक लोकप्रियता वाले भारतीय सितारे के रूप में भी पहचाना जाता है।
‘फौजी’ से शुरू हुआ अभिनय का सफर
शाहरुख खान के पिता मीर ताज मोहम्मद खान ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े थे, जबकि उनकी मां लतीफ फातिमा खान सामाजिक कार्यों से जुड़ी थीं। दिल्ली में पढ़ाई पूरी करने के बाद शाहरुख ने हंसराज कॉलेज से अर्थशास्त्र में स्नातक की पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने जामिया मिलिया इस्लामिया में मास कम्युनिकेशन के पाठ्यक्रम में दाखिला लिया, लेकिन अभिनय के प्रति बढ़ते रुझान के कारण पढ़ाई पूरी नहीं की।
वर्ष 1988 में शाहरुख ने टीवी धारावाहिक ‘फौजी’ से अभिनय की दुनिया में कदम रखा। इसके बाद ‘सर्कस’ और ‘दिल दरिया’ जैसे धारावाहिकों में काम कर उन्होंने अपनी पहचान बनाई। वर्ष 1991 में वह अभिनय के सपनों को पूरा करने के लिए मुंबई पहुंच गए।
‘दीवाना’ ने दिलाया पहला बड़ा ब्रेक, ‘बाजीगर’ से बने स्टार
मुंबई पहुंचने के बाद निर्देशक अजीज मिर्जा ने शाहरुख की प्रतिभा को पहचाना और उन्हें धारावाहिक ‘सर्कस’ में काम करने का मौका दिया। इसी दौरान उन्हें फिल्म ‘दिल आशना है’ में भी काम करने का अवसर मिला।
वर्ष 1992 में प्रदर्शित फिल्म ‘दीवाना’ से उन्होंने हिंदी फिल्मों में अपनी शुरुआत की। फिल्म में ऋषि कपूर जैसे अनुभवी अभिनेता की मौजूदगी के बावजूद शाहरुख अपने अभिनय से दर्शकों का ध्यान खींचने में सफल रहे। इस फिल्म के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ नवोदित अभिनेता का फिल्मफेयर पुरस्कार मिला।
इसके बाद वर्ष 1993 में अब्बास-मस्तान की फिल्म ‘बाजीगर’ ने उनके करियर को नई दिशा दी। फिल्म में शाहरुख ने नकारात्मक किरदार निभाने की चुनौती स्वीकार की। इसी वर्ष यश चोपड़ा की फिल्म ‘डर’ में भी उनका अलग अंदाज देखने को मिला। इन फिल्मों ने साबित कर दिया कि शाहरुख केवल रोमांटिक भूमिकाओं तक सीमित रहने वाले अभिनेता नहीं हैं।
DDLJ ने बनाया रोमांस का बादशाह
वर्ष 1995 में प्रदर्शित यश चोपड़ा की फिल्म ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ शाहरुख खान के करियर का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुई। राज मल्होत्रा के किरदार में उन्होंने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई। फिल्म ने सफलता के नए रिकॉर्ड बनाए और शाहरुख को रोमांस के बादशाह के रूप में स्थापित कर दिया।
इसके बाद ‘दिल तो पागल है’, ‘कुछ कुछ होता है’, ‘मोहब्बतें’, ‘कभी खुशी कभी गम’, ‘कल हो ना हो’, ‘वीर-जारा’ और ‘चक दे! इंडिया’ जैसी फिल्मों ने उनके स्टारडम को और मजबूत किया। अभिनेत्री काजोल के साथ उनकी जोड़ी भी दर्शकों के बीच खूब लोकप्रिय हुई।
अभिनय के साथ फिल्म निर्माण में भी आजमाया हाथ
शाहरुख खान ने वर्ष 1999 में अभिनेत्री जूही चावला और निर्देशक अजीज मिर्जा के साथ ड्रीम्ज अनलिमिटेड प्रोडक्शन कंपनी की स्थापना की। इस बैनर के तहत ‘फिर भी दिल है हिंदुस्तानी’, ‘अशोका’ और ‘चलते चलते’ जैसी फिल्मों का निर्माण हुआ।
इसके बाद उन्होंने रेड चिलीज एंटरटेनमेंट की स्थापना की। इस प्रोडक्शन कंपनी के बैनर तले ‘मैं हूं ना’, ‘पहेली’, ‘ओम शांति ओम’, ‘बिल्लू’, ‘चेन्नई एक्सप्रेस’, ‘हैप्पी न्यू ईयर’ और ‘दिलवाले’ जैसी फिल्मों का निर्माण हुआ। फिल्म निर्माण के साथ कंपनी ने विजुअल इफेक्ट्स के क्षेत्र में भी अपनी अलग पहचान बनाई।
मैडम तुसाद में लगी प्रतिमा, छोटे पर्दे पर भी किया राज
वर्ष 2007 शाहरुख खान के लिए खास रहा। लंदन के प्रसिद्ध मैडम तुसाद म्यूजियम में उनकी मोम की प्रतिमा स्थापित की गई। इसी वर्ष उन्होंने छोटे पर्दे पर वापसी करते हुए ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के तीसरे सीजन की मेजबानी की।
अपने फिल्मी करियर में शाहरुख खान आठ बार फिल्मफेयर का सर्वश्रेष्ठ अभिनेता पुरस्कार जीत चुके हैं। उनकी लोकप्रियता भारत के साथ विदेशों में भी लगातार बढ़ती रही है।
2023 में ‘पठान’ और ‘जवान’ से बॉक्स ऑफिस पर धमाका
कुछ समय तक फिल्मों से दूरी बनाने के बाद वर्ष 2023 शाहरुख खान के करियर में शानदार वापसी का साल साबित हुआ। उनकी फिल्म ‘पठान’ ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता हासिल की। इसके बाद ‘जवान’ ने भी कमाई के नए रिकॉर्ड बनाए। इसी साल उनकी फिल्म ‘डंकी’ भी प्रदर्शित हुई।
फिल्म ‘जवान’ में उनके अभिनय के लिए उन्हें 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार दिया गया। इन फिल्मों के जरिए शाहरुख ने एक बार फिर साबित किया कि बदलते दौर में भी उनका स्टारडम कायम है।
अब ‘किंग’ को लेकर चर्चा में शाहरुख
शाहरुख खान इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘किंग’ को लेकर चर्चा में हैं। लंबे अभिनय सफर में उन्होंने रोमांस, एक्शन, कॉमेडी और गंभीर भूमिकाओं के जरिए अपनी बहुमुखी प्रतिभा दिखाई है। छोटे पर्दे के एक कलाकार से बॉलीवुड के बादशाह बनने तक का उनका सफर उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो सपने देखने के साथ उन्हें पूरा करने का हौसला भी रखते हैं।

