राजस्थान

जब तक भारत नहीं बनेगा आत्मनिर्भर, कहीं नहीं जाएंगे मोदी जी: भजनलाल

जोधपुर, 03 नवम्बर । राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने लोकतंत्र की रक्षा की बातें करने वाली कांग्रेस के इतिहास को लोकतांत्रिक संस्थाओं, संवैधानिक मूल्यों और नागरिक अधिकारों के दमन से भरा हुआ बताते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संकल्प सेवा करना है और जब तक हर गरीब को पक्का मकान नहीं मिलता, देश से गरीबी नहीं हटती, भारत आत्मनिर्भर नहीं बनता और परिवारवाद समाप्त नहीं होता, तब तक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कहीं नहीं जायेंगे।
श्री शर्मा ने मंगलवार को जोधपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा और रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा की यह रैली संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान, जनादेश की प्रतिष्ठा और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प है। लोकतंत्र में जनता का जनादेश सर्वाेपरि है लेकिन कांग्रेस चुनाव में हारने पर कभी इलेकट्रोनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम), कभी निर्वाचन आयोग और कभी न्यायपालिका पर सवाल उठाकर संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर प्रहार करती है। लोकतंत्र में असहमति, सवाल और विरोध का अधिकार सभी को है लेकिन बिना प्रमाण संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करना और उनके अधिकारियों को राजनीतिक धमकियां देना लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं है।
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के वर्ष 1997 के ऐतिहासिक वक्तव्य का स्मरण करते हुए कहा कि जब उनकी सरकार मात्र एक वोट से गिर गई थी, तब श्री वाजपेयी ने कहा था, एक दिन ऐसा आएगा जब पूरे भारत में भाजपा की सरकार होगी और कांग्रेस पर देश हंसेगा। उन्होंने कहा कि उनका वह विश्वास आज देश की राजनीति में भाजपा के बढ़ते जनाधार के रूप में दिखाई देता है।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस के नेताओं का जनता से कोई जुड़ाव नहीं है। वे जनता के बीच जाने और उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय सत्ता हासिल करने के लिए राजनीतिक हथकंडे अपनाते हैं। कांग्रेस में कार्यकर्ताओं की मेहनत से अधिक परिवारवाद को महत्व दिया जाता है। जबकि राजनीति में परिवारवाद नहीं बल्कि जनता का विश्वास और सेवा ही सबसे अहम् है।
उन्होंने कहा कि श्री मोदी का संकल्प सेवा करना है। जब तक हर गरीब को पक्का मकान नहीं मिलता, देश से गरीबी नहीं हटती, भारत आत्मनिर्भर नहीं बनता और परिवारवाद समाप्त नहीं होता, तब तक मोदी जी कहीं नहीं जाएंगे। आज भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। 50 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आ चुके हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की सुरक्षा और संप्रभुता अक्षुण्ण है। जबकि कांग्रेस घुसपैठियों की पैरवी करती है और उन्हें संरक्षण देती है।
श्री शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुए कहा कि राजस्थान की जनता ने कांग्रेस के शासनकाल में राजनीतिक अस्थिरता और सत्ता संघर्ष का दौर देखा है। गहलोत सरकार जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय होटल तक सीमित रही। पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने उपमुख्यमंत्री के लिए क्या-क्या नहीं बोला। उन्होंने कांग्रेस में कुर्सी के लिए संघर्ष की ओर इशारा करते हुए कहा कि हाल ही में हुई कांग्रेस की रैली में राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा भाषण दे रहे थे पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को मंच पर भी जगह नहीं मिली। यह तो गहलोत के कर्मों का फल है।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि वह किसान के बेटे हैं और किसानों के हितों के लिए कार्य कर रहे हैं जबकि जादूगर कहलाने वाले श्री गहलोत ने तो किसानों को लूटने का काम किया है। मुख्यमंत्री ने गहलोत के कार्यकाल में आरपीएससी की नियुक्तियों, पेपरलीक प्रकरणों और भ्रष्टाचार को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि जल जीवन मिशन घोटाले में उनकी सरकार के मंत्री और अधिकारी जेल गए। श्री गहलोत ने जनता के हितों के बजाय रिश्तेदारों और परिवार से जुड़े लोगों को लाभ पहुंचाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *