प्रतापनगर थाने का एएसआई दस हजार रिश्वत लेते ट्रेप
जयपुर, 06 अक्टूबर। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने मंगलवार को राजधानी जयपुर में प्रतापनगर थाने के सहायक पुलिस उपनिरीक्षक सुखदेव जाट को एक मामले में 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। ब्यूरो सूत्रों के अनुसार एसीबी चौकी एसयू प्रथम जयपुर में गत 11 अगस्त को परिवादिया ने शिकायत की थी कि प्रतापनगर थाने में दर्ज प्रकरण में अनुसंधान अधिकारी श्री जाट द्वारा प्रकरणों में प्रभावी पैरवी करने, मदद करने, आरोपी को गिरफ्तार करने एवं चालान प्रस्तुत करने की एवज में 10 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की जा रही है।
शिकायत के सत्यापन के दौरान श्री जाट द्वारा परिवादिया से 10 हजार रुपए की रिश्वत राशि की मांग किया जाना सत्यापित हुआ।
इसके पश्चात एसीबी द्वारा मंगलवार को ट्रैप कार्यवाही की गयी, जिसमें श्री जाट ने परिवादिया से 10 हजार रुपए रुपये की रिश्वत लेकर अपनी वर्दी की पेंट की जेब में रख ली। एसीबी टीम द्वारा आरोपी के कब्जे से रिश्वत बरामद कर ली गयी और इस मामले में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। प्रथम दृष्टया आरोपी के पास परिवादिया का कार्य लंबित होना पाया गया।
एसीबी की अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव एवं पुलिस महानिरीक्षक एस. परिमाला के सुपरवीजन में आरोपी से पूछताछ एवं अग्रिम कार्यवाही जारी है।

