राजस्थान

रणथंभौर में खुशखबरी: बाघिन टी-124 रिद्धी तीसरी बार बनी मां, एक शावक के साथ दिखी

सवाई माधोपुर, 6 जून। रणथंभौर टाइगर रिजर्व में वन्यजीव प्रेमियों के लिए खुशखबरी है। बाघिन टी-124 ‘रिद्धी’ ने तीसरी बार शावक को जन्म दिया है। हाल ही में उसे नाल घाटी वन क्षेत्र में अपने नवजात शावक के साथ देखा गया, जिससे वन विभाग और वन्यजीव प्रेमियों में उत्साह का माहौल है।

वन विभाग की नियमित गश्त और निगरानी के दौरान बाघिन और उसके शावक की मौजूदगी दर्ज की गई। अधिकारियों के अनुसार, मां और शावक दोनों स्वस्थ हैं तथा उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

बाघिन रिद्धी इससे पहले वर्ष 2022 में एक शावक और वर्ष 2023 में तीन शावकों को जन्म दे चुकी है। अब तीसरी बार मां बनने के साथ उसने रणथंभौर में बाघों की नई पीढ़ी को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

रिद्धी के नए शावक के जन्म के बाद रणथंभौर टाइगर रिजर्व में बाघों की कुल संख्या बढ़कर 77 हो गई है। वर्तमान में रिजर्व में 23 बाघिन, 25 बाघ और 29 शावक मौजूद हैं। यह आंकड़ा रणथंभौर में बाघ संरक्षण की सफलता और वन विभाग की प्रभावी निगरानी व्यवस्था को दर्शाता है।

वन अधिकारियों का कहना है कि बाघों के सुरक्षित आवास, बेहतर संरक्षण और सतत मॉनिटरिंग के चलते रणथंभौर में बाघों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इससे क्षेत्र की जैव विविधता और पर्यटन गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *