राजस्थान

कोटा में भीषण सड़क हादसा: खड़े ट्रक में घुसी क्रूजर, एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत, 7 घायल

खाटूश्यामजी के दर्शन कर महाराष्ट्र लौट रहा था परिवार, शंभूपुरा गांव के पास हुआ हादसा; पीएम मोदी ने दो-दो लाख रुपए की सहायता की घोषणा की

कोटा, 22 नवंबर। राजस्थान के कोटा में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए। हादसा नांता थाना क्षेत्र में कोटा-उदयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शंभूपुरा गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार क्रूजर सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी।

पुलिस के अनुसार महाराष्ट्र के एक परिवार के 15 सदस्य राजस्थान में खाटूश्यामजी के दर्शन करने आए थे। दर्शन के बाद सभी क्रूजर से वापस लौट रहे थे। शनिवार देर रात करीब एक बजे शंभूपुरा गांव के पास उनकी गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई।

हादसे में उषा बाई, सुशीला, कैलाश, सान्वी, सज्जन, अनीता, बाबूलाल, जाह्नवी और माधवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सात लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

अस्पताल पहुंचे पुलिस अधिकारी और जनप्रतिनिधि

हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक तेजस्वी गौतम सहित पुलिस के अन्य अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायलों की स्थिति की जानकारी ली। विधायक संदीप शर्मा समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों के हालचाल जाने। घायलों के बेहतर उपचार के लिए अस्पताल प्रशासन ने चिकित्सकों की विशेष टीम तैनात की है।

राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने जताया दुख

हादसे पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

प्रधानमंत्री सहायता कोष से हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को दो-दो लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *