जयपुर में 4 जगह शुरू हुए पिंक बूथ, महिलाओं को मिलेगी तत्काल पुलिस सहायता
महिला पुलिसकर्मी सुबह 6 से रात 10 बजे तक रहेंगी तैनात, सीसीटीवी, हेल्पलाइन और आत्मरक्षा प्रशिक्षण की सुविधा
जयपुर, 22 नवंबर। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर जयपुर पुलिस ने शहर में चार पिंक बूथ शुरू किए हैं। शनिवार को डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने पत्रिका गेट, जवाहर सर्किल पर स्थापित पिंक बूथ का उद्घाटन किया। वहीं, अशोक नगर टी-पॉइंट (महारानी कॉलेज के पास), गौरव टावर और सिटी पार्क मानसरोवर स्थित अन्य तीन बूथों का वर्चुअल शुभारंभ किया।
डीजीपी ने इस पहल के लिए पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल और जयपुर पुलिस टीम को बधाई देते हुए कहा कि पिंक बूथ से महिलाओं और बालिकाओं को सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षित माहौल के साथ त्वरित सहायता मिल सकेगी।
पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि चारों बूथों पर महिला पुलिसकर्मी सुबह 6 से रात 10 बजे तक दो शिफ्टों में तैनात रहेंगी। यहां महिलाओं को शिकायत दर्ज कराने में मार्गदर्शन, पुलिस सहायता और जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की सुविधा मिलेगी। बूथों पर सीसीटीवी, राजकॉप सिटीजन ऐप और क्यूआर कोड आधारित सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
पिंक बूथ पर छेड़छाड़, पीछा करने, अभद्र व्यवहार और घरेलू हिंसा जैसी घटनाओं में सहायता मिलेगी। इसके अलावा सुरक्षित प्रतीक्षा स्थल, प्राथमिक उपचार, सैनिटरी पैड और पुलिस एवं पीसीआर से तत्काल संपर्क की व्यवस्था रहेगी। महिलाओं को जागरूक करने के साथ आत्मरक्षा प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। यहां महिला गरिमा हेल्पलाइन 1090 और आपातकालीन हेल्पलाइन 112 की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
उद्घाटन के बाद डीजीपी और पुलिस कमिश्नर ने बूथ पर तैनात पुलिसकर्मियों से संवाद किया। कार्यक्रम में महिला सुरक्षा पर शॉर्ट फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया। इस दौरान पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और कालिका पेट्रोलिंग यूनिट सहित सुरक्षा सखियां मौजूद रहीं।

