ट्रेन की चपेट में आने से युवक युवती की मौत, प्रेम प्रसंग का बताया जा रहा मामला
चौरू, 15 जून। जयपुर-सवाई माधोपुर रेलवे लाइन पर सुरेली रेलवे स्टेशन पर रविवार सुबह एक युवक और युवती प्रेमी जोड़े ने ट्रेन के आगे कूदकर जीवन लीला समाप्त कर ली। चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना सुबह करीब 5:30 बजे की बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। रेलवे लाइन पर स्टेशन के आसपास काफी लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौथ का बरवाड़ा की मोर्चरी में रखवाया। मृतकों की पहचान मनचेता (24) पुत्री रूपनारायण गुर्जर और विमल गुर्जर (26) पुत्र रामनिवास गुर्जर, निवासी सुरज्या भेरू, जिला टोंक के रूप में हुई है। जीआरपी थाना प्रभारी हरीमन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। दोनों विवाहित बताए जा रहे हैं। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। घटना की सूचना फैलते ही अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे गए। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।

