योग भारत की अमूल्य धरोहर, इसे जन-जन तक पहुँचाना हमारा दायित्व – श्री देवनानी
जयपुर, 20 जून। आध्यात्मिक जागृति द्वारा विश्व नवसृजन विषय पर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, वैशाली नगर, जयपुर द्वारा चित्रकूट स्टेडियम में विशाल योग एवं ध्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्रदेश के प्रबुद्धजन ने भाग लेकर योग, ध्यान एवं आध्यात्मिकता को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
प्रातः 6 बजे चित्रकूट स्टेडियम में आयोजित हुए कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि भारत की प्राचीन योग परंपरा आज संपूर्ण विश्व को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखा रही है। योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है।प्रत्येक नागरिक को इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि योग व्यक्ति को अनुशासन, संयम और सकारात्मक सोच प्रदान करता है।
श्री देवनानी ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में संयुक्त राष्ट्र द्वारा 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया गया, जिसके बाद योग विश्वव्यापी जनआंदोलन बन गया। साथ ही योगगुरु स्वामी रामदेव के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा गया कि उन्होंने योग को घर-घर तक पहुंचाकर करोड़ों लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया है।
कार्यक्रम के प्रारम्भ में दिल्ली के योगाचार्य श्री दिनेश ने उपस्थित जनसमूह को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं सूक्ष्म व्यायामों का अभ्यास कराया।
कार्यक्रम की जानकारी सेवा केन्द्र प्रभारी राजयोगिनी बीके चंद्रकला ने दी। कार्यक्रम में योग प्रशिक्षकों द्वारा विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया गया तथा अष्टांग योग के सिद्धांतों—यम, नियम, आसन, प्राणायाम, प्रत्याहार, धारणा, ध्यान एवं समाधि के महत्व पर प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि अष्टांग योग व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक और आध्यात्मिक विकास का संपूर्ण विज्ञान है।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद डॉ. सतीश पूनियां, कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़, सिविल लाइंस विधायक श्री गोपाल शर्मा, पूर्व महापौर श्रीमती सौम्या गुर्जर, श्री महेंद्र यादव तथा ब्रह्माकुमारीज राजस्थान की क्षेत्रीय संचालिका राजयोगिनी बीके सुषमा दीदी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

