राजस्थान

राजस्थान पुलिस में बड़ा फेरबदल: 141 RPS अधिकारियों के तबादले, जयपुर कमिश्नरेट और JDA में अहम बदलाव


जयपुर, 9 जून। राजस्थान सरकार ने प्रशासनिक कसावट और कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल किया है। आईपीएस अधिकारियों के तबादलों के बाद अब राज्य सरकार ने 141 उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) स्तर के अधिकारियों के तबादले किए हैं। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (कार्मिक) बीजू जॉर्ज जोसफ द्वारा जारी आदेश में प्रदेशभर के कई अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है।

जयपुर कमिश्नरेट और JDA में सबसे बड़ा असर

तबादला सूची का सबसे अधिक प्रभाव राजधानी जयपुर में देखने को मिला है। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट और जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) में कई महत्वपूर्ण नियुक्तियां की गई हैं। JDA में रमेश कुमार पारीक, ओम प्रकाश मीणा और सुरेश कुमार स्वामी को उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) के पद पर लगाया गया है।

वहीं, राम सिंह को जयपुर मेट्रो सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपते हुए सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) मेट्रो, जयपुर नियुक्त किया गया है।

राजधानी के कई क्षेत्रों को मिले नए ACP

जयपुर शहर में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए विभिन्न सर्किलों में नए सहायक पुलिस आयुक्तों (ACP) की तैनाती की गई है। विभाग का मानना है कि इन बदलावों से पुलिसिंग व्यवस्था में तेजी आएगी और आमजन को बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी।

कोटपूतली में लक्ष्मी सुथार, बांदीकुई में लक्ष्मीकांत शर्मा को जिम्मेदारी

राजधानी के अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। बांदीकुई में तैनात डीएसपी रोहिताश देवन्दा के स्थान पर अब लक्ष्मीकांत शर्मा को नियुक्त किया गया है।

इसी तरह जयपुर के आदर्श नगर ACP पद पर कार्यरत लक्ष्मी सुथार को नई जिम्मेदारी देते हुए सीओ कोटपूतली-बहरोड़ नियुक्त किया गया है। विभाग ने इसे क्षेत्रीय पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने पर फोकस

सरकार की ओर से पिछले कुछ महीनों में लगातार प्रशासनिक स्तर पर बदलाव किए जा रहे हैं। पुलिस विभाग में किए गए इस व्यापक फेरबदल को प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने और कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है। अधिकारियों के नए पदस्थापन के बाद जल्द ही वे अपने-अपने कार्यभार ग्रहण करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *