राजस्थान

एसपी ज्येष्ठा ने गेट टुगेदर में चटनी बनाकर दिया टीम भावना का संदेश

 सवाईमाधोपुर, 28 सितम्बर।पुलिस की ड्यूटी को अक्सर अनुशासन, जिम्मेदारी और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों से जोड़कर देखा जाता है। लेकिन सवाई माधोपुर में पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठ मैत्रेयी ने पुलिसकर्मियों के साथ एक ऐसा आयोजन किया, जिसमें ड्यूटी के तनाव से अलग परिवार जैसा माहौल देखने को मिला। पालीघाट स्थित वन विभाग के रेस्ट हाउस में आयोजित गेट-टुगेदर कार्यक्रम में एसपी ने पुलिसकर्मियों के साथ समय बिताया और कई गतिविधियों में स्वयं शामिल होकर टीम भावना और आपसी जुड़ाव का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान एसपी ज्येष्ठ मैत्रेयी ने पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर सिलबट्टे पर धनिया, हरी मिर्च और टमाटर की चटनी बनाई। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ उनकी सहज बातचीत और हंसी-मजाक ने पूरे माहौल को खुशनुमा बना दिया। चटनी बनाने के दौरान जब लाल मिर्च डालने की बात सामने आई तो एसपी ने लाल मिर्च के बजाय धनिया, हरी मिर्च और टमाटर से चटनी बनाने की बात कही। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि सिलबट्टा ऊंचा रखा है, इसलिए उनका हाथ नहीं लग रहा है। इस पर क्राइम ब्रांच प्रभारी कुसुम लता मीणा ने उन्हें ऊंचाई पर बैठने को कहा। एसपी भी तुरंत वहां बैठ गईं और मुस्कुराते हुए चटनी बनाने में जुट गईं। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच सहज संवाद का माहौल भी नजर आया। चटनी बनाने को लेकर स्टाफ के बीच हुई हंसी-ठिठोली ने कार्यक्रम में उत्साह बढ़ाया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक-दूसरे के साथ मिलकर समय बिताया और टीम भावना को मजबूत करने का संदेश दिया। गेट-टुगेदर को और मनोरंजक बनाने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। इनमें म्यूजिकल चेयर, अंताक्षरी, जलेबी दौड़ और हाउजी जैसी गतिविधियां शामिल रहीं। पुलिसकर्मियों ने इन प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। खास तौर पर जलेबी दौड़ और हाउजी को लेकर स्टाफ में खास उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में पुलिसकर्मी कुछ समय के लिए अपनी नियमित जिम्मेदारियों और व्यस्त दिनचर्या से अलग होकर मनोरंजन करते नजर आए। इस आयोजन का उद्देश्य पुलिसकर्मियों के बीच आपसी समन्वय, विश्वास और टीम भावना को मजबूत करना रहा। एसपी ज्येष्ठ मैत्रेयी ने अपने अधीनस्थ पुलिसकर्मियों के साथ परिवार की तरह समय बिताकर यह संदेश दिया कि बेहतर पुलिसिंग के लिए मजबूत टीमवर्क और आपसी सहयोग भी महत्वपूर्ण है।

पुलिसकर्मियों के कल्याण के लिए कई पहल: पुलिसकर्मियों के कल्याण और उनके परिवारों को सहयोग देने की दिशा में भी सवाई माधोपुर पुलिस की ओर से कई पहल की गई हैं। पुलिसकर्मियों के लिए जन्मदिन और शादी की सालगिरह पर अनिवार्य छुट्टी का प्रावधान किए जाने की पहल इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसका उद्देश्य पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के साथ अपने परिवार के महत्वपूर्ण अवसरों के लिए समय उपलब्ध कराना है। इसके अलावा पुलिसकर्मियों की आकस्मिक मृत्यु की स्थिति में उनके आश्रितों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए अक्षय फंड की शुरुआत की गई है। इसके तहत आकस्मिक मृत्यु होने पर आश्रितों को तत्काल 3 लाख रुपये की सहायता राशि देने की व्यवस्था बताई गई है। इससे पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को कठिन परिस्थितियों में तत्काल आर्थिक सहारा उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है। कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों के साथ बिताए गए समय ने यह दिखाया कि वर्दी के पीछे भी भावनाएं, परिवार और व्यक्तिगत जीवन होता है। एसपी ज्येष्ठ मैत्रेयी की इस पहल ने पुलिस टीम के बीच अपनापन और संवाद बढ़ाने के साथ-साथ यह संदेश दिया कि मजबूत पुलिस व्यवस्था के लिए पुलिसकर्मियों का मनोबल और कल्याण भी उतना ही जरूरी है। वहीं, सवाई माधोपुर आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों की सुविधा के लिए 07462-251251 पर टूरिस्ट हेल्पलाइन शुरू किए जाने की जानकारी भी दी गई है। यह पहल जिले में आने वाले पर्यटकों को आवश्यक सहायता और जानकारी उपलब्ध कराने की दिशा में उपयोगी कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *