63 वर्ष की हुईं मीनाक्षी शेषाद्रि, ‘दामिनी’ से बनाई थी अलग पहचान
‘हीरो’ से मिली रातोंरात लोकप्रियता, ‘घायल’ और ‘दामिनी’ में दमदार अभिनय से जीता दर्शकों का दिल; शादी के बाद फिल्मों से बना ली थी दूरी
मुंबई, 16 नवंबर। बॉलीवुड की खूबसूरत और प्रतिभाशाली अभिनेत्रियों में शुमार मीनाक्षी शेषाद्रि 63 वर्ष की हो गई हैं। 16 नवंबर 1963 को झारखंड के सिंदरी में जन्मीं मीनाक्षी ने अपने अभिनय के दम पर हिंदी सिनेमा में अलग पहचान बनाई। 80 और 90 के दशक में उन्होंने कई ऐसी फिल्मों में काम किया, जिनके किरदार आज भी दर्शकों के जेहन में ताजा हैं। खासतौर पर फिल्म ‘दामिनी’ में उनके दमदार अभिनय ने उन्हें एक सशक्त अभिनेत्री के रूप में स्थापित किया।
मीनाक्षी के पिता भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) में कार्यरत थे। उन्होंने शुरुआती शिक्षा दिल्ली के माउंट कार्मेल स्कूल से पूरी की। वर्ष 1981 में उन्होंने अखिल भारतीय सौंदर्य प्रतियोगिता ‘मिस इंडिया’ में हिस्सा लिया और खिताब अपने नाम किया। इसके बाद उन्हें विज्ञापन फिल्मों में मॉडलिंग के अवसर मिले और यहीं से उनके फिल्मी सफर की राह खुली।
‘हीरो’ ने रातोंरात बनाया स्टार
मीनाक्षी ने वर्ष 1983 में फिल्म ‘पेंटर बाबू’ से अपने सिने करियर की शुरुआत की, लेकिन यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल नहीं दिखा सकी। इसी साल सुभाष घई की फिल्म ‘हीरो’ में जैकी श्रॉफ के साथ उनकी जोड़ी नजर आई। फिल्म को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला और मीनाक्षी रातोंरात लोकप्रिय हो गईं।
इसके बाद वर्ष 1985 में वह राजेश खन्ना के साथ फिल्म ‘आवारा बाप’ में दिखाई दीं। इसमें उन्होंने दोहरी भूमिका निभाकर अपनी अभिनय क्षमता का परिचय दिया। इसी साल सुभाष घई की फिल्म ‘मेरी जंग’ भी प्रदर्शित हुई, जिसमें उनके अभिनय को सराहना मिली।
अमिताभ और विनोद खन्ना के साथ किया काम
वर्ष 1988 में मीनाक्षी अमिताभ बच्चन के साथ ‘गंगा जमुना सरस्वती’ में नजर आईं। हालांकि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अपेक्षित सफलता हासिल नहीं कर सकी। इसी वर्ष अमिताभ के साथ उनकी दूसरी फिल्म ‘शहंशाह’ प्रदर्शित हुई, जिसे दर्शकों ने पसंद किया।
वर्ष 1990 में उन्होंने विनोद खन्ना के साथ फिल्म ‘जुर्म’ में काम किया। इस फिल्म के लिए उन्हें पहली बार फिल्मफेयर सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया। इसी वर्ष सनी देओल के साथ उनकी फिल्म ‘घायल’ और ‘घर हो तो ऐसा’ भी प्रदर्शित हुईं।
‘दामिनी’ ने अभिनय को दिलाई नई पहचान
मीनाक्षी के करियर की सबसे यादगार फिल्मों में वर्ष 1993 में प्रदर्शित ‘दामिनी’ का नाम प्रमुखता से लिया जाता है। राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में उन्होंने दमदार अभिनय किया। फिल्म में उनके किरदार और अभिनय को दर्शकों के साथ समीक्षकों की भी खूब सराहना मिली। इस फिल्म के लिए उन्हें दूसरी बार फिल्मफेयर सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया। ‘दामिनी’ ने उन्हें हिंदी सिनेमा की सशक्त अभिनेत्रियों की कतार में खड़ा कर दिया।
शादी के बाद फिल्मों से बनाई दूरी
वर्ष 1995 में विवाह के बाद मीनाक्षी ने फिल्मी दुनिया से दूरी बना ली। वर्ष 1996 में प्रदर्शित फिल्म ‘घातक’ उनके करियर की अंतिम फिल्म साबित हुई। अपने फिल्मी सफर में उन्होंने अमिताभ बच्चन, राजेश खन्ना, विनोद खन्ना, जैकी श्रॉफ, अनिल कपूर और सनी देओल जैसे दिग्गज कलाकारों के साथ काम किया।
भले ही मीनाक्षी शेषाद्रि लंबे समय से हिंदी फिल्मों में सक्रिय नहीं हैं, लेकिन ‘हीरो’, ‘मेरी जंग’, ‘घायल’ और ‘दामिनी’ जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को आज भी याद किया जाता है। उनकी फिल्में और दमदार किरदार आज भी हिंदी सिनेमा के यादगार दौर की पहचान बने हुए हैं।

