राजस्थान

भजनलाल ने गोपाष्टमी पर गौ पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए की कामना

जयपुर, 17 नवंबर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गोपाष्टमी के पावन अवसर पर मंगलवार को यहां गौ पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए कामना की।
श्री शर्मा ने सांगानेर स्थित पिंजरापोल गोशाला तथा जोतड़ावाला स्थित बाबा संत रामकरणदास महाराज एवं गुरुदेव संत परमसुखदास महाराज आश्रम गोशाला पहुंचकर सपत्नीक गौ माता का पूजन किया। उन्होंने गौ माता को गुड़ एवं रोटी खिलाई तथा आरती उतारकर प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं जनकल्याण की कामना की।
मुख्यमंत्री ने पिंजरापोल गोशाला में भगवान श्रीकृष्ण एवं प्रतीकात्मक गोवर्धन पर्वत की पूजा-अर्चना भी की। उन्होंने जोतड़ावाला स्थित आश्रम में संतों से आशीर्वाद प्राप्त किया। साथ ही राधा-कृष्ण मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की और भजन-कीर्तन का श्रवण भी किया।
इस दौरान आमजन ने मुख्यमंत्री का माला एवं साफा पहनाकर अभिनंदन किया। वहीं मुख्यमंत्री ने भी बुजुर्गों, महिलाओं एवं युवाओं से आत्मीयता के साथ मुलाकात की और उन्हें गोपाष्टमी की शुभकामनाएं दी।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने जयपुर के जोतड़ावाला में स्थानीय कार्यकर्ता राधेश्याम जोतड़ के निवास पर पहुंचकर परिवार से मुलाकात की। यहां चाय पीने और संवाद के दौरान उन्होंने बच्चों से उनकी शिक्षा के बारे में पूछा और उन्हें चॉकलेट्स दी। मुख्यमंत्री ने परिवार के बुजुर्ग सदस्यों से उनके स्वास्थ्य एवं दिनचर्या के बारे में जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने लौटते समय रास्ते में रुककर स्थानीय निवासियों का अभिनंदन भी स्वीकार दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *