राजस्थान

राष्ट्र रक्षा महायज्ञ का शुभारंभ, 115 कन्याओं का होगा नि:शुल्क सामूहिक विवाह

पं. राजकुमार शर्मा के सान्निध्य में निकली भव्य कलश यात्रा
जयपुर, 16 नवंबर। भरतपुर जिले के रूपवास में धर्म, संस्कृति, सामाजिक समरसता और राष्ट्र कल्याण के संकल्प के साथ बगलामुखी राष्ट्र रक्षा महायज्ञ एवं 115 कन्याओं के नि:शुल्क सामूहिक विवाह समारोह का भव्य शुभारंभ हुआ। टोंक के परम पूज्य सद्गुरुदेव पंडित राजकुमार शर्मा के सान्निध्य में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत भव्य कलश यात्रा के साथ हुई। इसमें 121 महिलाओं ने मंगल कलश धारण कर भाग लिया। कलश यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी रही। कलश यात्रा के समापन के बाद पंडित राजकुमार शर्मा ने विधि-विधान से मंगल कलश की यज्ञशाला में स्थापना कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद मां भारती की सामूहिक आरती की गई। आयोजन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक बाबूलाल, क्षेत्रीय प्रचारक शिवलहरी, बुधीराम, विजय कुमार, राजेंद्र प्रसाद गुरुजी, कोसु पहलवान भगत सहित अनेक गणमान्यजन और धर्मप्रेमी उपस्थित रहे।
बेटियां पूरे समाज की धरोहर: इस अवसर पर पंडित राजकुमार शर्मा ने कहा कि बेटियां किसी एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की धरोहर हैं। उनका विवाह केवल परिवार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि संपूर्ण समाज का दायित्व है। प्रत्येक व्यक्ति को अपनी सामर्थ्य के अनुसार जरूरतमंद बेटियों के विवाह में सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह सामाजिक समरसता, समानता और आपसी सहयोग को मजबूत करने का सशक्त माध्यम है।
आडंबर छोड़ सादगी से करें विवाह: गुरुदेव ने कहा कि धर्म का वास्तविक उद्देश्य मानव जीवन में संस्कार, सदाचार, सेवा, करुणा और परोपकार की भावना विकसित करना है। विवाह जैसे पवित्र संस्कारों को जातिगत भेदभाव, ऊंच-नीच, दिखावे और अनावश्यक खर्च से मुक्त कर सादगी के साथ संपन्न करना चाहिए। धार्मिक आयोजनों की सार्थकता तभी है, जब उनसे जरूरतमंद लोगों को लाभ मिले और समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने की प्रेरणा मिले।
राष्ट्र और संस्कृति के संरक्षण का आह्वान: पंडित शर्मा ने कहा कि राष्ट्र की मजबूती नागरिकों के चरित्र, संस्कार, सेवा भावना और सामूहिक जिम्मेदारी से सुनिश्चित होती है। सनातन संस्कृति की मूल भावना समरसता, सहिष्णुता, परोपकार और सर्वकल्याण में निहित है। सभी वर्गों को आपसी भेदभाव भुलाकर राष्ट्र, समाज और संस्कृति के उत्थान के लिए एकजुट होकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने बताया कि मां बगलामुखी की आराधना एवं राष्ट्र रक्षा महायज्ञ के माध्यम से समाज में सकारात्मक चेतना, आध्यात्मिक ऊर्जा और राष्ट्र के प्रति समर्पण का भाव जागृत करने का प्रयास किया जा रहा है। 115 कन्याओं का नि:शुल्क सामूहिक विवाह इस आयोजन की महत्वपूर्ण सामाजिक पहल है। कार्यक्रम के माध्यम से नारी सम्मान, सामाजिक एकता, जरूरतमंद परिवारों की सहायता और राष्ट्र कल्याण का संदेश दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *