राजस्थान

बहरोड़ में छठ महापर्व पर उमड़ा आस्था का सैलाब, डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर मांगी खुशहाली

25 वर्षों से निरंतर हो रहा आयोजन, आज उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न होगा चार दिवसीय महापर्व

नीमराना, 15 नवंबर। बहरोड़ में रविवार को छठ महापर्व पर आस्था और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। छठ पूजा आयोजन समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। व्रती महिलाओं ने जल में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया और परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली व संतान की मंगलकामना की।

शाम 3 बजे से छठ घाट पर पूजा-अर्चना का सिलसिला शुरू हुआ। व्रतियों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान छठ गीतों और भक्ति संगीत से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। पूर्वांचल समाज के लोगों के साथ अन्य श्रद्धालुओं ने भी उत्साह से भाग लिया।

25 साल से कायम है आस्था का सिलसिला

छठ पूजा आयोजन समिति के अध्यक्ष सोनू चौधरी और सचिव अधीर सिंह ने बताया कि बहरोड़ में पिछले 25 वर्षों से लगातार छठ महापर्व का आयोजन किया जा रहा है। पूर्वांचल समाज के लिए इस पर्व का विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति के कार्यकर्ताओं ने व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाली।

इस दौरान संरक्षक रमाशंकर सिंह, कोषाध्यक्ष रमेश सिंह, सुधीर यादव, राजेश शाह, अर्जुन कुमार, राजेश ठेकेदार, केदार राम, संजीत चौधरी और सोनू मिश्रा सहित अनेक कार्यकर्ता सेवा और व्यवस्थाओं में जुटे रहे।

उगते सूर्य को अर्घ्य देकर होगा समापन

समिति पदाधिकारियों ने बताया कि सोमवार सुबह 4 बजे से पूजा-अर्चना शुरू होगी। व्रती उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके बाद सुबह 7 बजे से प्रसाद वितरण किया जाएगा। इसी के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *