आंवला नवमी 18 को रवि योग में, श्रीहरि विष्णु की पूजा से मिलेगा अक्षय पुण्य
आंवले के वृक्ष की पूजा और परिक्रमा का विशेष महत्व, दान-पुण्य से मिलेगी सुख-समृद्धि; महिलाओं में रहेगा पर्व को लेकर उत्साह
जयपुर, 16 नवंबर। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि पर 18 नवंबर, बुधवार को अक्षय नवमी यानी आंवला नवमी का पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। इस बार पर्व पर रवि योग का संयोग रहेगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन भगवान विष्णु और आंवले के वृक्ष की पूजा करने से सुख-समृद्धि के साथ अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है। मान्यता है कि इस दिन किए गए दान-पुण्य, जप और तप का फल कभी समाप्त नहीं होता, इसी कारण इसे अक्षय नवमी कहा जाता है।
आचार्य गौरी शंकर शर्मा बोरखेड़ा ने बताया कि नवमी तिथि का प्रारंभ 18 नवंबर को सुबह 6:06 बजे होगा। पूजा का पहला शुभ मुहूर्त सुबह 6:45 से 9:27 बजे तक रहेगा। वहीं दूसरा मुहूर्त सुबह 10:48 से दोपहर 12:09 बजे तक रहेगा। श्रद्धालु इन शुभ मुहूर्तों में भगवान विष्णु और आंवले के वृक्ष की पूजा-अर्चना कर सकेंगे।
आंवले के वृक्ष की पूजा और परिक्रमा का महत्व
अक्षय नवमी पर आंवले के वृक्ष की पूजा का विशेष विधान है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक शुक्ल नवमी से पूर्णिमा तक भगवान विष्णु आंवले के वृक्ष में निवास करते हैं। इसी कारण इस अवधि में आंवले के वृक्ष की पूजा को विशेष फलदायी माना गया है। पूजा के दौरान वृक्ष के तने पर कच्चा सूत या कलावा सात बार लपेटकर परिक्रमा करने की परंपरा है।
दान-पुण्य से मिलता है अक्षय फल
इस दिन महिलाएं परिवार की सुख-शांति, संतान की उन्नति और समृद्धि की कामना के साथ व्रत रखकर पूजा-अर्चना करती हैं। श्रद्धालु अपनी सामर्थ्य के अनुसार जरूरतमंदों को अन्न, वस्त्र, धन और आंवले का दान करते हैं। धार्मिक मान्यता है कि अक्षय नवमी पर किया गया दान और सेवा कई गुना पुण्य फल प्रदान करते हैं।
प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश
आंवला नवमी का पर्व धार्मिक आस्था के साथ प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देता है। आयुर्वेद में आंवले को औषधीय गुणों से भरपूर माना गया है। इस पर्व के माध्यम से वृक्षों के महत्व और उनके संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश भी मिलता है। अक्षय का अर्थ है जिसका कभी क्षय यानी नाश न हो।

