एआई के दौर में बदल रही पत्रकारिता, बढ़ रहे रोजगार के अवसर
जयपुर, 18 नवम्बर। राजस्थान में हरिदेव जोशी पत्रकारिता और जनसंचार विश्वविद्यालय में बुधवार को कृत्रिम बुद्धमत्ता (एआई) और पत्रकारिता विषय पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. नन्द किशोर पांडेय ने की। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता मुख्यमंत्री जनसंपर्क प्रकोष्ठ, राजस्थान के उप-निदेशक आलोक आनंद ने विद्यार्थियों को संबोधित किया।
व्याख्यान में आलोक ने कहा कि एआई के विकास से काम करने के तरीके और रोजगार के स्वरूप में बदलाव आ रहा है।
नई तकनीक से पारंपरिक कार्यों में परिवर्तन होने के साथ-साथ नए अवसर भी बढ़ रहे हैं। उन्होंने पत्रकारिता के विद्यार्थियों
को तकनीक के साथ कदमताल करने और एआई के विभिन्न टूल्स की जानकारी हासिल करने के लिए कहा।
उन्होंने कहा कि एआई के माध्यम से समाचार सामग्री तैयार करने, संपादन और कंटेंट निर्माण जैसे कार्यों में सहायता ली जा सकती है, लेकिन पत्रकारिता में मानवीय निगरानी और संपादकीय विवेक की भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रहेगी। उन्होंने ‘ह्यूमन-इन-द-लूप’ मॉडल का उल्लेख करते हुए बताया कि एआई से तैयार सामग्री की मानवीय निगरानी, जांच और मूल्यांकन जरूरी है। एआई को स्वतंत्र रूप से अंतिम निर्णय लेने देने के बजाय मानव की भूमिका बनाए रखना आवश्यक है।
श्री आलोक ने एआई आधारित विभिन्न टूल्स और प्लेटफॉर्म पर चर्चा करते हुए पत्रकारिता में गेटकीपर की भूमिका के महत्व को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि तकनीक के तेजी से बदलते दौर में पत्रकारों के लिए एआई की कार्यप्रणाली को समझना और उसका जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करना आवश्यक है।

