राजस्थान

लोकमंथन से दुनिया तक पहुंचेगी राजस्थान की लोक संस्कृति, 4 दिसंबर से जयपुर में जुटेंगे देश-विदेश के प्रतिनिधि

जयपुर, 18 नवंबर। जयपुर के 299वें स्थापना दिवस पर बुधवार को जवाहर कला केंद्र में लोकमंथन-2026 के पांचवें राष्ट्रीय संस्करण की औपचारिक घोषणा की गई। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री एवं कला-संस्कृति मंत्री दिया कुमारी ने कहा कि लोकमंथन की मेजबानी राजस्थान के लिए गौरव की बात है। इससे प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति, लोक कलाओं, भाषाओं और परंपराओं को राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिलेगी।

दिया कुमारी ने कहा कि ‘हम भारत के लोग’ थीम पर आधारित इस आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना और भारतीय विरासत को संरक्षित करना है। उन्होंने कहा कि पश्चिमी प्रभाव और औपनिवेशिक मानसिकता के कारण भारतीय संस्कृति और परंपराओं को अपेक्षित महत्व नहीं मिल पाया, लेकिन नई शिक्षा नीति और राज्य सरकार के प्रयासों से अब भारतीय इतिहास, संस्कृति और लोक परंपराओं को उचित स्थान मिल रहा है।

41 जिलों में निकाली लोक दर्शन यात्रा

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि लोकमंथन का संदेश गांव-ढाणियों तक पहुंचाने के लिए प्रदेश में तीन चरणों में लोक दर्शन यात्रा निकाली गई। करीब 8 हजार किलोमीटर की इस यात्रा के जरिए राजस्थान के सभी 41 जिलों और सैकड़ों गांवों को जोड़ा गया। यात्रा में लोकगीत, लोकनृत्य, हस्तशिल्प प्रदर्शनी, महिला सम्मेलन, युवा संवाद और ग्राम दर्शन जैसे कार्यक्रम हुए। इससे ग्रामीण प्रतिभाओं और स्थानीय कलाकारों को अपनी कला दिखाने का अवसर मिला।

युवाओं और महिलाओं को मिलेगा विचार रखने का मंच

दिया कुमारी ने कहा कि लोकमंथन में केवल भाषण नहीं होंगे, बल्कि संवादात्मक सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। इनमें युवा और महिलाएं खुलकर अपने विचार रख सकेंगे। उन्होंने कहा कि ‘लोक से लोक चेतना, लोक चेतना से लोक शक्ति और लोक शक्ति से राष्ट्र शक्ति’ के मंत्र को साकार करना सभी की जिम्मेदारी है।

प्रज्ञा प्रवाह के अखिल भारतीय संयोजक एवं लोकमंथन स्वागत समिति के महासचिव जे. नंदकुमार ने कहा कि लोकमंथन महज एक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय ज्ञान परंपरा और लोक जीवन को सम्मान दिलाने का राष्ट्रीय आंदोलन है।

4 से 6 दिसंबर तक होगा आयोजन

लोकमंथन का पांचवां राष्ट्रीय संस्करण 4 से 6 दिसंबर तक जवाहर कला केंद्र, जयपुर में आयोजित होगा। इसमें उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन मुख्य अतिथि होंगे। आयोजन में देश-विदेश के प्रतिनिधियों के साथ लोक कलाकार, पारंपरिक ज्ञान के विशेषज्ञ और युवा भाग लेंगे। छह प्रमुख क्षेत्रों में 24 समानांतर सत्र आयोजित होंगे, जिनमें भारतीय समाज, विज्ञान, कला, मौखिक परंपराओं, खेल और जयपुर की 300 साल पुरानी विरासत पर चर्चा की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *