गणतंत्र दिवस पर पर्यावरण संरक्षण में उत्कृष्ट कार्य के लिए रामदेव खर्रा सम्मानित
28 जनवरी, जयपुर।गणतंत्र दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं पेड़-पौधों के रखरखाव के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए ग्राम पंचायत रामदेवरा के वार्ड पंच रामदेव खर्रा को जिला प्रशासन डीडवाना-कुचामन द्वारा सम्मानित किया गया। यह सम्मान जिला कलेक्टर महेंद्र खड्गावत एवं प्रभारी मंत्री विजय सिंह चौधरी के सान्निध्य में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में प्रदान किया गया। रामदेव खर्रा द्वारा ग्राम पंचायत क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने, पौधारोपण, पौधों की नियमित देखभाल एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता के लिए किए गए प्रयासों की प्रशासन द्वारा सराहना की गई। उनके सतत प्रयासों से ग्राम पंचायत क्षेत्र में स्वच्छ एवं हरित वातावरण विकसित हुआ है। इस सम्मान की घोषणा होते ही ग्राम पंचायत रामदेवरा में खुशी और गौरव का माहौल बन गया। ग्रामवासियों ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायी बताया और रामदेव खर्रा के कार्यों की प्रशंसा की। ग्रामीणों का कहना है कि इस सम्मान से पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों में और अधिक जागरूकता आएगी तथा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ पर्यावरण का लाभ मिलेगा। यह सम्मान स्थानीय स्तर पर किए जा रहे सकारात्मक प्रयासों को पहचान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

