न्यायपालिका में डिजिटलीकरण, CJI सूर्यकांत ने ‘वन केस वन डाटा’ और AI चैटबॉट ‘सु सहाय’ किया लॉन्च
हाई कोर्ट से जिला अदालतों तक अब एक ही डाटा सिस्टम
नई दिल्ली, 11मई। भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने सोमवार को न्यायपालिका में डिजिटलाइजेशन को नई गति देते हुए दो अहम डिजिटल पहल की घोषणा की है, इनमें ‘वन केस वन डाटा’ पहल और सुप्रीम कोर्ट की वेबसाइट पर AI आधारित सहायता चैटबॉट ‘सु सहाय’ का शुभारंभ शामिल है।
वन केस वन डाटा पर क्या बोले CJI : सोमवार को CJI ने कहा कि ‘वन केस वन डाटा’ पहल के तहत देशभर के सभी हाई कोर्ट, जिला अदालतों और तालुका अदालतों की बहु-स्तरीय सूचनाओं को एकीकृत डिजिटल प्रणाली में जोड़ा जाएगा। इसका उद्देश्य अदालतों के बीच डाटा समन्वय बढ़ाना और केस मैनेजमेंट सिस्टम को अधिक प्रभावी बनाना है।
क्यों महत्वपूर्ण ये कदम: उन्होंने कहा कि इस पहल से न्यायिक सूचनाओं का व्यापक और परस्पर जुड़ा हुआ डाटाबेस तैयार होगा, जिससे मामलों की निगरानी, प्रबंधन और सूचना तक पहुंच आसान होगी। यह कदम अदालतों की कार्यप्रणाली को अधिक सुव्यवस्थित और पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सीजेआई ने की AI चैटबॉट की घोषणा : CJI ने ‘सु सहाय’ नामक AI चैटबॉट की भी घोषणा की, जिसे राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) ने सुप्रीम कोर्ट रजिस्ट्री के सहयोग से विकसित किया है। यह चैटबॉट नागरिकों और वादकारियों को सुप्रीम कोर्ट की आवश्यक सेवाओं, प्रक्रियाओं और प्रारंभिक दिशा-निर्देशों तक सरल और सुविधाजनक पहुंच उपलब्ध कराएगा। चीफ जस्टिस ने रजिस्ट्री अधिकारियों और बार सदस्यों के प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि ये डिजिटल पहलें न्याय व्यवस्था से जुड़े सभी हितधारकों के लिए लाभकारी साबित होंगी।

