राजस्थान

जयपुर जिला परिषद में कांग्रेस का बहुमत, 22 पंचायत समितियों में 216 सीटें जीतीं

जयपुर, 20 नवंबर। राजस्थान में कांग्रेस ने 57 सदस्यीय जयपुर जिला परिषद में 41 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है, जबकि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को 12 सीटों पर संतोष करना पड़ा। पंचायत समिति चुनावों में भी कांग्रेस ने बढ़त बनाते हुए 216 सीटें जीती हैं।

पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत जयपुर जिले में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए शुक्रवार को हुई मतगणना के बाद परिणाम सामने आए। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक के अनुसार जिला परिषद के 57 वार्डों में से 55 वार्डों के परिणाम घोषित किए गए हैं। इनमें कांग्रेस ने 41, भाजपा ने 12 तथा राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (रालोपा) ने दो वार्डों में जीत दर्ज की है।

इसी प्रकार जिले की 22 पंचायत समितियों के 386 वार्डों में से 383 वार्डों के परिणाम घोषित हुए हैं। इनमें कांग्रेस के 216, भाजपा के 87, रालोपा के 60 तथा अन्य के 20 सदस्य निर्वाचित हुए हैं।

श्री नायक ने बताया कि मतगणना के दौरान ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण जिला परिषद के दो एवं पंचायत समितियों के तीन वार्डों के परिणाम घोषित नहीं हो सके। इस संबंध में राज्य निर्वाचन आयोग ने जिला परिषद के निर्वाचन क्षेत्र संख्या 13 के बूथ संख्या 60 एवं निर्वाचन क्षेत्र संख्या 52 के बूथ संख्या 81 तथा पंचायत समिति दूदू के निर्वाचन क्षेत्र संख्या छह के बूथ संख्या 62, शाहपुरा के निर्वाचन क्षेत्र संख्या छह के बूथ संख्या 34 एवं चौमूं के निर्वाचन क्षेत्र संख्या 25 के बूथ संख्या 142 पर पुनर्मतदान के आदेश जारी किए हैं।

आयोग के निर्देशानुसार इन पांचों मतदान केंद्रों पर 22 नवंबर को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक पुनर्मतदान कराया जाएगा। पुनर्मतदान के बाद उसी दिन रात नौ बजे से मतगणना शुरू होगी। जिला परिषद के संबंधित वार्डों की मतगणना जिला मुख्यालय पर तथा पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना संबंधित पंचायत समिति मुख्यालयों पर कराई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *