राजस्थान

राजस्थान की जनता ने पंचायत चुनाव में डबल इंजन सरकार को दिया जवाब: डोटासरा

जयपुर, 20 नवंबर। राजस्थान में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा हैं कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की डबल इंजन सरकार ने पिछले तीन सालों में जनता पर कोई ध्यान नहीं देकर उसके साथ क्रूर मजाक किया, इस कारण पंचायत आम चुनाव में जनता ने कांग्रेस को प्रचंड जीत दिलाकर अपना जवाब दिया हैं।

श्री डोटासरा ने शुक्रवार को यहां पंचायत चुनाव परिणाम पर आयोजित प्रेस वार्ता में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि आज जो पंचायत चुनाव का परिणाम आया हैं ऐसा परिणाम आज तक के इतिहास में पहले कभी नहीं आया जबकि सत्ता जिसकी होती है परिणाम लगभग उसके पक्ष में ही होता है। इस चुनाव में भाजपा का सूपड़ा साफ हो गया। उन्होंने कहा कि जनता ने बता दिया है कि उसने भाजपा पर भरोसा करके बड़ी गलती की लेकिन अब वे इसका हिसाब ब्याज सहित चूका रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में पिछले तीन सालों भ्रष्टाचार एवं अपराध का बोलबाला रहा और राजस्थान की जनता को कुछ नहीं मिला। इस कारण इस चुनाव में उपमुख्यमंत्री डॉ प्रेम चंद बैरवा सहित अन्य किसी मंत्री की नहीं चली और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विधानसभा क्षेत्र में भाजपा का सूपड़ा साफ हो गया। उन्होंने कहा कि 37 जिलों में से भाजपा का केवल पांच जिला परिषदों में बहुमत बना हैं और चार जिलों की मतगणना अभी होना शेष हैं। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में कांग्रेस 25 – 27 जिलों में बहुमत बना रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के बड़े नेता चुरु में अपने बेटे और बहू को तो जीता लिया लेकिन बहुमत नहीं बना पाये।

श्री डोटासरा ने कहा कि इस चुनाव में भाजपा पांच प्रतिशत पीछे हो गई जबकि विधानसभा चुनाव में ढाई प्रतिशत आगे थी। अगले महीने चार जिलों में पंचायत चुनाव के परिणाम आने के बाद तो ये आठ-दस प्रतिशत पीछे हो जायेंगे। उन्होंने कहा कि अभी भी समय हैं और डबल इंजन के दो साल पड़े हैं उसे जनता के लिए कुछ करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार में 40 प्रतिशत कमीशन के बगैर कोई काम नहीं होता और प्रदेश में आईएएस, आरएएस, तहसीलदार एवं पटवारी सरकार की मानते ही नहीं है और वे बिना सुविधा लिए काम नहीं करते हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने तीन साल में एक दिन भी मीडिया से सवाल नहीं लिया। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव में इतनी शर्मनाक हार के बाद अगर थोडी बहुत ही नैतिकता बची हैं तो मुख्यमंत्री और उसके मंत्रिमंडल को इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता ने भाजपा को आइना दिखा दिया हैं और अब इसकी उल्टी गिनती शुरु हो गई हैं। श्री डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय काम हुआ करते थे और योजना होती थी अब तो इनकी कोई योजना नहीं हैं और कोई काम नहीं हो रहे है तथा भाजपा के ही लोग परेशान हैं।

उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव के पूरे परिणाम आने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी सहित पार्टी के तमाम नेताओं एवं पदाधिकारियों को साथ लेकर राज्य सरकार द्वारा जनता की समस्या का हल एवं वादे पूरे नहीं करने को लेकर जनता के बीच जायेगे। उन्होंने कहा कि तीन साल में कांग्रेस नेताओं को बहुत कोसा गया है लेकिन अब अगर झूठा इलजाम लगाकर कोसा गया तो भाजपा सरकार के तीन साल के कार्यकाल के कारनामें चौराहे पर लोगों को बताये जायेंगे कि ये लोग जवाबदेही नहीं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *