राजस्थान

पंचायत चुनावों में RLP की हुंकार, 2028 के लिए तीसरे विकल्प की मजबूत दस्तक

41 जिला परिषद और 497 पंचायत समिति सदस्य जीते, 14 पंचायत समितियों में बहुमत; हनुमान बेनीवाल के नेतृत्व में ग्रामीण राजनीति में बढ़ा प्रभाव

राजस्थान की राजनीति में किसी दल की ताकत का आकलन केवल विधानसभा चुनावों में हार-जीत से नहीं किया जा सकता। हाल ही में संपन्न पंचायतीराज चुनावों के नतीजों ने राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) को लेकर बनी राजनीतिक धारणाओं को चुनौती दी है। खींवसर विधानसभा उपचुनाव में हार के बाद पार्टी को कमजोर मानने वालों के लिए ये परिणाम राजनीतिक संदेश हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद RLP ने ग्रामीण राजनीति में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है।

चुनावी आंकड़ों के अनुसार RLP के 41 जिला परिषद और 497 पंचायत समिति सदस्य निर्वाचित हुए हैं। जिला परिषद में पार्टी प्रदेश में तीसरे स्थान पर रही। वहीं 14 पंचायत समितियों में स्पष्ट बहुमत और करीब 20 अन्य पंचायत समितियों में प्रधान बनाने में निर्णायक भूमिका निभाने की स्थिति में है। इसके अलावा एक जिला परिषद में बहुमत तथा करीब दो जिला परिषदों में जिला प्रमुख के चुनाव में किंगमेकर बनने की संभावना है।

कांग्रेस के 684 जिला परिषद और 3722 पंचायत समिति सदस्य तथा भाजपा के 317 जिला परिषद और 2205 पंचायत समिति सदस्य निर्वाचित हुए हैं। ऐसे में RLP का प्रदर्शन क्षेत्रीय दल के रूप में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

हनुमान बेनीवाल की लोकप्रियता बनी ताकत

पार्टी की इस सफलता में हनुमान बेनीवाल की लोकप्रियता, नारायण बेनीवाल की सक्रियता और हजारों कार्यकर्ताओं की मेहनत की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। किसान, युवा, रोजगार और ग्रामीण समस्याओं को लेकर बेनीवाल के संघर्ष ने पार्टी को अलग पहचान दी है। पंचायत चुनावों में स्थानीय कार्यकर्ताओं ने गांव-ढाणी तक पहुंचकर अपनी राजनीतिक ताकत दिखाई है।

भाजपा के परंपरागत प्रभाव को चुनौती

कई क्षेत्रों में RLP ने भाजपा के असंतुष्ट कार्यकर्ताओं और स्थानीय राजनीतिक विकल्प तलाश रहे मतदाताओं को अपनी ओर आकर्षित किया। इससे भाजपा के परंपरागत वोट बैंक में भी प्रतिस्पर्धा बढ़ी है। नागौर और पश्चिमी राजस्थान में भाजपा के प्रदर्शन को लेकर भी राजनीतिक सवाल उठ रहे हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उनके मंत्रिमंडल के लिए ये नतीजे आत्ममंथन का विषय हैं। हनुमान बेनीवाल के जनआंदोलनों और जनसेवा से जुड़े मुद्दों पर सरकार के साथ हुए टकराव के बीच अब पंचायत चुनावों के परिणामों ने राजनीतिक बहस को और तेज कर दिया है।

2028 की तैयारी सबसे बड़ी चुनौती

RLP के सामने अब पंचायत चुनावों की सफलता को विधानसभा की ताकत में बदलने की चुनौती है। 497 पंचायत समिति सदस्यों और 41 जिला परिषद सदस्यों को संगठन की मजबूत कड़ी बनाना होगा। स्थानीय नेतृत्व की दूसरी और तीसरी पंक्ति तैयार करने के साथ किसान, युवा, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों पर स्पष्ट नीतिगत दृष्टिकोण विकसित करना होगा।

पंचायत चुनावों ने इतना तो साबित कर दिया है कि राजस्थान में तीसरे राजनीतिक विकल्प की संभावनाएं समाप्त नहीं हुई हैं। अब हनुमान बेनीवाल, नारायण बेनीवाल और पार्टी के कार्यकर्ताओं के सामने इस जनसमर्थन को 2028 के विधानसभा चुनावों में स्थायी राजनीतिक ताकत में बदलने की चुनौती है। RLP को अब केवल वोट काटने वाली पार्टी मानकर नजरअंदाज करना आसान नहीं होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *