शिक्षा जगत

केवीजीआइटी में मां-बेटी के रिश्ते की दिखी खास झलक, छात्राओं ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

जयपुर, 9 मई । खण्डेलवाल वैश्य गर्ल्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में शनिवार को मदर्स डे उत्साह और भावनात्मक माहौल के बीच मनाया गया। कार्यक्रम में छात्राएं अपनी माताओं के साथ कॉलेज पहुंचीं, जहां तिलक लगाकर और पुष्प देकर उनका स्वागत किया गया। कॉलेज परिसर में मां-बेटी के रिश्ते की खूबसूरत झलक देखने को मिली। कॉलेज के ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी को भावविभोर कर दिया। गीत, नृत्य और भावनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से मां के प्रति सम्मान और प्रेम व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के दौरान कई माताएं भावुक भी नजर आईं। इस अवसर पर कार्यक्रम में दिप्ती आनंद, डॉ अर्चना, और सुमन पारीक तथा मुख्य अतिथि डॉ स्नेहलता की गरिमामयी उपस्थिति रही। एसकेवीईटी के फाउंडर अध्यक्ष एस एल तांबी ने अपने प्रेरणादायक विचारों से छात्रों को प्रोत्साहित किया। प्राचार्य डॉ अंजु गुप्ता ने सभी माताओं का स्वागत किया और कॉलेज की छात्राओं की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। इस आयोजन में कई मनोरंजक गतिविधियां शामिल थीं, जिनमें मदर-डॉटर डांस और मदर-डॉटर रैंप वॉक मुख्य आकर्षण रहे। प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए तथा सभी माताओं को सम्मान स्वरूप प्रमाण पत्र भी दिए गए।

इस अवसर पर छात्राओं ने अपनी माताओं के साथ रैंप वॉक किया। मां-बेटी की जोड़ी ने आत्मविश्वास और उत्साह के साथ मंच पर प्रस्तुति दी, जिसे सभी ने खूब सराहा। इसके अलावा नृत्य, मनोरंजक गेम्स और विभिन्न गतिविधियों का आयोजन भी किया गया, जिसमें माताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कॉलेज प्रबंधन ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों और अभिभावकों के बीच भावनात्मक जुड़ाव को मजबूत करने के साथ पारिवारिक मूल्यों को बढ़ावा देते हैं। कार्यक्रम का समापन सभी माताओं के सम्मान और धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *