राजस्थान

कांग्रेस के 5 साल पर भारी पड़े भाजपा के 34 महीने: राठौड़

कहा- सिंचाई से लेकर तारबंदी तक हर क्षेत्र में ज्यादा काम किया, बहस करनी है तो आंकड़ों के आधार पर विधानसभा में करें

जयपुर, 14 नवंबर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस नेताओं के भजनलाल सरकार के विकास कार्यों पर सवाल उठाने पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को मौजूदा सरकार के कामकाज पर सवाल उठाने से पहले अपने पांच साल के शासन का रिकॉर्ड देखना चाहिए। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने 34 महीनों में विकास और जनकल्याण के हर क्षेत्र में कांग्रेस के पांच साल के कार्यकाल से अधिक काम किए हैं।

राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस नेता बहस करना चाहते हैं तो आंकड़ों के आधार पर विधानसभा में करें। सरकारों के कामकाज की तुलना भी तथ्यों के आधार पर होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास विभागवार आंकड़े हैं, जो दोनों सरकारों के कामकाज का अंतर स्पष्ट करते हैं।

सिंचाई क्षेत्र में दोगुने से ज्यादा काम का दावा

राठौड़ के अनुसार, कांग्रेस सरकार ने पांच साल में 52 हजार 182 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा विकसित की, जबकि भाजपा सरकार ने 34 महीनों में 1 लाख 42 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा सृजित की। पाइपलाइन अनुदान योजना में कांग्रेस के कार्यकाल में 91 हजार 582 किसानों को लाभ मिला, जबकि वर्तमान सरकार में यह संख्या 98 हजार 753 रही।

खेत तलाई निर्माण के मामले में भी भाजपा सरकार आगे रही। कांग्रेस शासन में पांच साल में 29 हजार 430 कार्य हुए, जबकि भाजपा सरकार ने 34 महीनों में 35 हजार 893 खेत तलाई बनवाईं।

तारबंदी पर 511 करोड़ रुपए खर्च किए

राठौड़ ने बताया कि फार्म पॉन्ड निर्माण के लिए कांग्रेस सरकार ने पांच साल में 202 करोड़ रुपए का अनुदान दिया था, जबकि भाजपा सरकार ने 34 महीनों में 369 करोड़ रुपए दिए। खेतों की तारबंदी में कांग्रेस शासन के दौरान 113 लाख मीटर काम हुआ, जबकि वर्तमान सरकार ने 445 लाख मीटर तारबंदी करवाई। इस पर अनुदान के रूप में 511 करोड़ रुपए खर्च किए गए, जबकि कांग्रेस सरकार ने 113 करोड़ रुपए खर्च किए थे।

सोलर पंप स्थापना में भी भाजपा आगे

राठौड़ के मुताबिक, कांग्रेस सरकार के पांच साल में 63 हजार 140 सोलर पंप सेट लगाए गए, जबकि भाजपा सरकार ने 34 महीनों में 67 हजार 408 सोलर पंप सेट स्थापित कर दिए। उन्होंने कहा कि कृषि और किसान कल्याण के अलावा अन्य विभागों में भी भाजपा सरकार ने कांग्रेस की तुलना में अधिक काम किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *