केसरी सिंह बारहठ की पुण्यतिथि पर बच्चों को बांटी स्कूल यूनिफॉर्म और सामग्री
जयपुर, 14 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस एवं महान क्रांतिकारी ठाकुर केसरी सिंह बारहठ की पुण्यतिथि के अवसर पर किरण क्रांति फाउंडेशन की ओर से शुक्रवार को जोबनेर क्षेत्र के भासिंगपुरा, बोराज ढाणी स्थित मिडिल एवं सीनियर सेकेंडरी सरकारी विद्यालयों में सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को 200 वस्त्र, 200 स्कूल यूनिफॉर्म, 200 सेनेटरी नैपकिन, जूते-मोजे, स्टेशनरी किट और अल्पाहार वितरित किया गया।
फाउंडेशन की चेयरमैन डॉ. किरण देवल ने विद्यार्थियों को महान क्रांतिकारी केसरी सिंह बारहठ के जीवन, संघर्ष और देश के प्रति समर्पण की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बारहठ परिवार की कई पीढ़ियों ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उन्होंने कहा कि ऐसे स्वतंत्रता सेनानियों और क्रांतिकारी परिवारों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को केसरी सिंह बारहठ की ओर से तत्कालीन उदयपुर महाराणा फतेह सिंह को लॉर्ड कर्जन की सभा में शामिल होने से रोकने के लिए दी गई चेतावनियों और उनके राष्ट्रप्रेम की गाथा सुनाई गई। इससे विद्यार्थियों में देशभक्ति की भावना जागृत हुई।
इस अवसर पर छात्राओं को सेनेटरी नैपकिन वितरित कर मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। डॉ. देवल ने कहा कि मासिक धर्म को शर्म का विषय नहीं मानना चाहिए और आंतरिक व बाहरी स्वच्छता के प्रति जागरूक रहना चाहिए।
कार्यक्रम में टेम्परेशन फाउंडेशन की निदेशक दीपाली छाबड़ा और किरण क्रांति फाउंडेशन की सचिव डॉ. अपेक्षा जैन सहित अन्य लोग मौजूद रहे। आयोजकों ने स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद करते हुए उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

