राजस्थान

बदला मौसम का मिजाज, बूंदाबांदी और ठंडी हवाओं से भीषण गर्मी से मिली राहत

जयपुर, 20 जून । जयपुर में शनिवार को मौसम में अचानक बदलाव आया। दोपहर करीब 3.00 बजे आसमान में बादल छा गए, जिसके लगभग आधे घंटे बाद ठंडी हवाएं चलने लगीं। इसके कुछ देर बाद हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई। लगभग 20 मिनट तक हुई इस बूंदाबांदी से शहर की सड़कों पर पानी बह निकला और मौसम सुहावना हो गया। बूंदाबांदी और ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे पिछले चार-पांच दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली। शनिवार सुबह तापमान लगभग 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। हालांकि, बूंदाबांदी रुकने के कुछ समय बाद बादल छंट गए और सूरज निकल आया। धूप तेज होने के साथ ही लोगों को फिर से गर्मी का अनुभव होने लगा, लेकिन सुबह के इस बदले मौसम ने कुछ समय के लिए राहत प्रदान की। मौसम में आए इस बदलाव से किसानों की उम्मीदें भी बढ़ी हैं। किसान जल्द मानसून के सक्रिय होने और अच्छी बारिश की प्रतीक्षा कर रहे हैं, ताकि खरीफ फसलों की बुवाई समय पर शुरू की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *