केवीजीआइटी को मिला राज्य स्तरीय एनएसएस सम्मान
जयपुर,24 मार्च। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सत्र 2024-25 के अंतर्गत आयोजित राज्य स्तरीय पुरस्कार समारोह में खण्डेलवाल वैश्य गर्ल्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, वैशाली नगर को संस्थागत श्रेणी (महिला शिक्षा) में उत्कृष्ट कार्य के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान संस्थान द्वारा महिला शिक्षा और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों की सराहना के रूप में प्रदान किया गया। महाविद्यालय की स्वयंसेविका याशिका कुमावत को “श्रेष्ठ स्वयंसेवक (महिला शिक्षा)” श्रेणी में राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किया गया। उनकी यह उपलब्धि न केवल व्यक्तिगत गौरव का विषय है, बल्कि पूरे संस्थान एवं उसकी स्वयंसेविकाओं के लिए प्रेरणादायक है। अजमेर में आयोजित इस गरिमामय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. प्रेमचंद बैरवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान महेंद्र कपूर, एस. पी. भटनागर तथा कृष्ण कुमार कुमावत ने मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार साझा किए। संस्थान की प्राचार्या डॉ. अंजु गुप्ता ने यह सम्मान ग्रहण किया। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार संस्थान की सभी स्वयंसेविकाओं, कार्यक्रम अधिकारियों और स्टाफ के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। हमें सदैव अपने कर्म पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए, क्योंकि उसका फल अवश्य प्राप्त होता है। भविष्य में भी हम समाज सेवा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट कार्य करते रहेंगे। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि से संस्थान का गौरव बढ़ा है और यह सभी छात्राओं और स्वयंसेविकाओं के लिए प्रेरणास्रोत सिद्ध होगी।

