महिलाएं तय करेंगी विकास की दिशा : ओम बिरला
वनस्थली विद्यापीठ में ब्रिक्स महिला नेतृत्व शिखर सम्मेलन का शुभारंभ
वनस्थली, 21 नवंबर। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शनिवार को राजस्थान के वनस्थली विद्यापीठ में आयोजित ब्रिक्स महिला नेतृत्व शिखर सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित किया। तीन दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में ब्रिक्स देशों एवं साझेदार राष्ट्रों से आई महिला सांसदों, नीति-निर्माताओं, शिक्षाविदों, उद्यमियों तथा विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सम्मेलन में महिला नेतृत्व, लोकतांत्रिक संस्थाओं में महिलाओं की भागीदारी और वैश्विक चुनौतियों के समाधान में उनकी भूमिका पर विचार-विमर्श किया जा रहा है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में शांति, सहयोग और सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। वैश्विक शांति, जलवायु परिवर्तन, आतंकवाद और खाद्य सुरक्षा जैसी गंभीर चुनौतियों का समाधान केवल संवाद, आपसी सहयोग और साझा प्रयासों से ही संभव है। इन चुनौतियों से निपटने में महिलाओं का अनुभव, संवेदनशीलता और नेतृत्व महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
वैश्विक चुनौतियों के समाधान में महिला नेतृत्व महत्वपूर्ण
ओम बिरला ने कहा कि कृषि, जल प्रबंधन, खाद्य सुरक्षा, मानवीय सहायता और आपदा के बाद पुनर्वास जैसे क्षेत्रों में महिलाओं का अनुभव प्रभावी समाधान प्रस्तुत कर सकता है। महिलाओं की भागीदारी से न केवल निर्णय प्रक्रिया अधिक समावेशी बनेगी, बल्कि विकास योजनाओं को भी अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा। उन्होंने विभिन्न देशों की महिला नेतृत्वकर्ताओं से अपने अनुभवों और श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों को साझा करने का आह्वान किया।
भारतीय संस्कृति में नारी शक्ति और सृजन का प्रतीक
भारतीय संस्कृति में महिलाओं के महत्व का उल्लेख करते हुए लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय परंपरा में नारी सदैव शक्ति, सृजन और संवेदना की प्रतीक रही है। देश के स्वतंत्रता संग्राम से लेकर संविधान निर्माण और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने तक महिलाओं का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा कि आज भारतीय महिलाएं विज्ञान, शिक्षा, तकनीक, उद्यमिता, प्रशासन और शासन सहित प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा एवं नेतृत्व क्षमता का परिचय दे रही हैं। महिलाएं अपनी उपलब्धियों से न केवल देश का गौरव बढ़ा रही हैं, बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास को भी नई दिशा दे रही हैं।
पंचायत से संसद तक महिलाओं की भागीदारी को मिलेगी मजबूती
ओम बिरला ने कहा कि पंचायतों से लेकर संसद तक महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को सशक्त बनाने की दिशा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम एक महत्वपूर्ण पहल है। लोकतांत्रिक संस्थाओं में महिलाओं की भागीदारी बढऩे से निर्णय प्रक्रिया अधिक व्यापक और जनहितकारी बनेगी। उन्होंने महिला सशक्तीकरण के लिए शिक्षा, तकनीक, डिजिटल सेवाओं और वित्तीय संसाधनों तक महिलाओं की समान पहुंच सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अब समय केवल महिला सशक्तीकरण तक सीमित रहने का नहीं है, बल्कि महिला नेतृत्व आधारित विकास की अवधारणा को साकार करने का है। महिलाओं को विकास की सहभागी बनाने के साथ-साथ उन्हें विकास की दिशा निर्धारित करने और नीतिगत निर्णयों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के अवसर भी मिलने चाहिए।
वसुधैव कुटुम्बकम् की भावना से अंतरराष्ट्रीय सहयोग का आह्वान
लोकसभा अध्यक्ष ने भारतीय दर्शन की वसुधैव कुटुम्बकम् की भावना का उल्लेख करते हुए कहा कि पूरा विश्व एक परिवार है। इसी भावना के साथ विभिन्न देशों की महिला नेतृत्वकर्ताओं के बीच निरंतर संवाद, अनुभवों का आदान-प्रदान और अंतरराष्ट्रीय सहयोग बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वनस्थली विद्यापीठ में आयोजित यह सम्मेलन महिला नेतृत्व को नई दिशा प्रदान करेगा। साथ ही महिलाओं के लिए सम्मान, सुरक्षा, समान अवसर और निर्णय प्रक्रिया में सार्थक भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में साझा प्रयासों एवं नई अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों का मार्ग प्रशस्त करेगा।
23 तक चलेगा अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन
वनस्थली विद्यापीठ में 21 से 23 नवंबर तक आयोजित ब्रिक्स महिला नेतृत्व शिखर सम्मेलन में महिला नेतृत्व, राजनीतिक सहभागिता, क्षमता निर्माण, डिजिटल सुरक्षा और साइबर सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। सम्मेलन का उद्देश्य ब्रिक्स देशों एवं साझेदार राष्ट्रों की महिला नेतृत्वकर्ताओं को एक साझा अंतरराष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे अपने अनुभवों, चुनौतियों और सफल कार्यप्रणालियों को साझा कर सकें। इसके माध्यम से महिला सशक्तीकरण, नेतृत्व विकास और विभिन्न देशों के बीच सहयोग के नए अवसर विकसित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

