राजस्थान

रंग-बिरंगी संस्कृति, सजे ऊंट और करोड़ों के घोड़े, पुष्कर मेले में उमड़ा सैलानियों का सैलाब

पुष्कर/जयपुर, 21 नवंबर। राजस्थान की संस्कृति, परंपरा और धार्मिक आस्था का संगम विश्व प्रसिद्ध पुष्कर मेला इन दिनों अपने पूरे रंग में नजर आ रहा है। 17 से 24 नवंबर तक चल रहे मेले में देश-विदेश से पर्यटक, श्रद्धालु और पशुपालक पहुंच रहे हैं। रेतीले मैदान में सजे ऊंट, शानदार घोड़े, रंग-बिरंगी राजस्थानी पोशाकें और लोक संगीत की गूंज पर्यटकों को राजस्थान की अनूठी विरासत से रूबरू करा रही है।

मेले में पशुओं की खरीद-बिक्री के साथ लोक कला, खानपान, व्यापार और धार्मिक गतिविधियों का भी आकर्षण है। विभिन्न जिलों से पहुंचे पशुपालकों ने ऊंटों को रंगीन कपड़ों, आभूषणों और पारंपरिक सजावट से सजाया है। वहीं रबड़ी मालपुआ, खस्ता कचौड़ी, दाल-बाटी चूरमा और ऊंटनी के दूध की चाय पर्यटकों के स्वाद का केंद्र बनी हुई है।

घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़, कारोबार को मिला सहारा

पुष्कर सरोवर के घाटों पर सुबह से श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी हुई है। 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा पर पवित्र स्नान और धार्मिक अनुष्ठान होंगे। शाम को घाटों पर महाआरती का आयोजन श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहेगा। मेले की रौनक से होटल, दुकानदार, हस्तशिल्प कलाकार और स्थानीय व्यापारियों के कारोबार को भी गति मिल रही है। राजस्थानी आभूषण, कपड़े और हस्तनिर्मित वस्तुओं की दुकानों पर पर्यटकों की अच्छी भीड़ है।

करोड़ों के घोड़ों की कीमतों की चर्चा

मेले में घोड़ों की शानदार नस्ल, कद-काठी और खूबसूरती लोगों को आकर्षित कर रही है। सोशल मीडिया पर वायरल रेट कार्ड और चर्चाओं में कुछ घोड़ों की कीमत करोड़ों रुपए तक बताई जा रही है। इनकी झलक देखने और नस्लों की जानकारी लेने के लिए दूसरे राज्यों से भी पशु प्रेमी पहुंच रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *