राजस्थान

राजस्थान उच्च न्यायालय में न्यायिक अधिकारियों के तबादले, कई जिलों में नई नियुक्तियां

जयपुर, 03 अक्टूबर। राजस्थान उच्च न्यायालय, जोधपुर ने न्यायिक अधिकारियों के स्थानांतरण और नयी पदस्थापनाओं को लेकर शनिवार को दो अलग आदेश जारी करके न्यायिक अधिकारियों के तबादले किये।
इन आदेशों के तहत जिला न्यायाधीश संवर्ग के अधिकारियों को विभिन्न न्यायालयों और प्रशासनिक पदों पर नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। कुछ अधिकारियों को उच्च न्यायालय की रजिस्ट्री से जिला न्यायालयों में भेजा गया है, जबकि कुछ को विशेष न्यायालयों में नियुक्त किया गया है।
उच्च न्यायालय के आदेश के अनुसार, अनिल बेनीवाल को राजस्थान उच्च न्यायालय की जयपुर पीठ में रजिस्ट्रार (सतर्कता) के पद से अजमेर में यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम मामलों की विशेष अदालत संख्या-1 में न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।
इसी प्रकार शिवानी सिंह को रजिस्ट्रार (प्रशासन), जोधपुर से जिला एवं सत्र न्यायाधीश, जोधपुर जिला लगाया गया है। मीनाक्षी शर्मा को रजिस्ट्रार (प्रशासन), जयपुर पीठ से जिला एवं सत्र न्यायाधीश, टोंक के पद पर भेजा गया है।
इसी तरह, अर्चना मिश्रा को जोधपुर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के मामलों की विशेष अदालत संख्या-2 में सत्र न्यायाधीश, देवेंद्र सिंह भाटी को जोधपुर मेट्रोपॉलिटन में पॉक्सो एक्ट मामलों की विशेष अदालत संख्या-1 में न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। जगत सिंह पंवार को जयपुर जिले के दूदू में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश और प्रशांत चौधरी को दौसा में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश लगाया गया है।
नीरज भामू को भरतपुर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का सचिव, आशुतोष कुमावत को जोधपुर जिला में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश और रश्मि नवल को जयपुर मेट्रोपॉलिटन प्रथम में विशेष साइबर अदालत में नियुक्त किया गया है।
कुलदीप राव को उच्च न्यायालय की जयपुर पीठ में विशेष ड्यूटी अधिकारी के पद से जोधपुर स्थित उच्च् न्यायालय में विशेष ड्यूटी अधिकारी के पद पर नई नियुक्ति पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
दूसरे आदेश में औद्योगिक न्यायाधिकरण और श्रम न्यायालयों में भी नियुक्तियां की गई हैं। अतुल कुमार सक्सेना को भरतपुर स्थित औद्योगिक न्यायाधिकरण-सह-श्रम न्यायालय से जिला एवं सत्र न्यायाधीश, मेड़ता लगाया गया है। पंकज बंसल को भीलवाड़ा स्थित औद्योगिक न्यायाधिकरण-सह-श्रम न्यायालय से पॉक्सो एक्ट मामलों की विशेष अदालत संख्या-2, भीलवाड़ा में न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।
इसके अतिरिक्त, अजीत कुमार हिंगर को जयपुर मेट्रोपॉलिटन-द्वितीय में औद्योगिक न्यायाधिकरण का न्यायाधीश और महावीर प्रसाद गुप्ता को श्रीगंगानगर में औद्योगिक न्यायाधिकरण-सह-श्रम न्यायालय का न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।
उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल की ओर से जारी आदेश में संबंधित अधिकारियों को नई पदस्थापना पर कार्यभार ग्रहण करने और उसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिये गये हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *