राजस्थान

ट्रिपल इंजन सरकार बनने से तीन गुना होगी विकास की रफ्तार:भजनलाल

जयपुर, 28 अक्टूबर।मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बुधवार को पत्नी गीता शर्मा के साथ डिग्गी पहुंचे। मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार डिग्गी आगमन पर उन्होंने श्री डिग्गी कल्याणजी मंदिर में दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद अग्रवाल सेवा सदन में आयोजित टोंक-सवाईमाधोपुर भाजपा कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम में शामिल होकर आगामी पंचायत राज चुनाव में पार्टी की जीत के लिए कार्यकर्ताओं को जुटने का संदेश दिया। हालांकि, मुख्यमंत्री के दौरे से क्षेत्रवासियों को विकास की बड़ी सौगात मिलने की उम्मीद थी, लेकिन कोई बड़ी घोषणा नहीं होने से स्थानीय मुद्दे फिर चर्चा में आ गए।

निर्धारित समय से पौने दो घंटे देरी से पहुंचे

मुख्यमंत्री निर्धारित कार्यक्रम से करीब पौने दो घंटे की देरी से हेलीकॉप्टर से डिग्गी पहुंचे। अग्रवाल सेवा सदन के पास बने हेलीपैड पर कैबिनेट मंत्री कन्हैयालाल चौधरी, देवली-उनियारा विधायक राजेंद्र गुर्जर, निवाई विधायक रामसहाय वर्मा, पूर्व सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और भाजपा पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

कल्याणजी के दरबार में लगाई ढोक

हेलीपैड से मुख्यमंत्री पत्नी गीता शर्मा के साथ श्री डिग्गी कल्याणजी मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने मंत्री कन्हैयालाल चौधरी के साथ पूजा-अर्चना की और श्रीजी की मनमोहक झांकी के दर्शन किए। मंदिर ट्रस्ट की ओर से मुख्यमंत्री को श्रीजी का दुपट्टा पहनाकर अभिनंदन किया गया। उनके आगमन को लेकर मंदिर परिसर और आसपास सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए।

पंचायत चुनाव में जीत के लिए कार्यकर्ताओं को दिया मंत्र

अग्रवाल सेवा सदन में आयोजित संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने में कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभाएं। नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा को मिले बहुमत का उल्लेख करते हुए उन्होंने पंचायत राज चुनाव में भी पार्टी का परचम लहराने और जिला प्रमुख व प्रधान बनाने के लक्ष्य के साथ जुटने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक भारत को विश्व का अग्रणी देश बनाने के संकल्प का जिक्र करते हुए सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की बात कही।

रेल लाइन और ‘डिग्गीपुरी धाम’ नामकरण की उम्मीद अधूरी

मुख्यमंत्री के दौरे से डिग्गी-मालपुरा क्षेत्र को रेल लाइन से जोड़ने और डिग्गी का नाम बदलकर ‘डिग्गीपुरी धाम’ करने की मांगों पर सकारात्मक घोषणा की उम्मीद थी। हालांकि, दौरे के दौरान इन मांगों पर कोई घोषणा नहीं हुई। ऐसे में क्षेत्रवासियों की निगाहें अब सरकार के आगामी निर्णयों पर टिकी हैं।

चुनाव से पहले दौरा, सियासी हलचल तेज

टोंक जिले में पंचायत राज चुनाव के तीसरे और चौथे चरण के मतदान से पहले मुख्यमंत्री का भाजपा कार्यकर्ताओं से संवाद राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री कन्हैयालाल चौधरी, पूर्व मंत्री अनिता भदेल, विधायक राजेंद्र गुर्जर, रामसहाय वर्मा, पूर्व विधायक अजित सिंह मेहता, भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह और मानसिंह गुर्जर सहित कई जनप्रतिनिधि व पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री को राजस्थानी पगड़ी पहनाकर तलवार और बजरंगबली का चित्र भेंट किया गया। एक ओर मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों में जुटने का संदेश दिया, वहीं दूसरी ओर क्षेत्र की लंबित विकास संबंधी मांगों पर घोषणा नहीं होने से लोगों की उम्मीदें बरकरार रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *