शुद्ध आहार–मिलावट पर वार अभियान, प्रदेशभर में सघन निरीक्षण
जयपुर में 300 किलो संदिग्ध पनीर नष्ट
जयपुर, 23 अगस्त। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के निर्देशन में संचालित “शुद्ध आहार–मिलावट पर वार” अभियान के तहत रविवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग द्वारा प्रदेशभर में सघन निरीक्षण एवं प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही है। त्योहारी सीजन को देखते हुए दूध, मावा, मिठाई, पनीर, घी एवं अन्य खाद्य पदार्थों की विशेष निगरानी की जा रही है।
प्रमुख शासन सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, श्रीमती गायत्री राठौड़ ने कहा कि जनस्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खाद्य पदार्थों में मिलावट एवं खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के विरुद्ध विभाग द्वारा सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देशन तथा अतिरिक्त आयुक्त श्री भगवत सिंह एवं संयुक्त आयुक्त डॉ. विजय प्रकाश शर्मा के पर्यवेक्षण में राज्य एवं जिला स्तरीय टीमों द्वारा निरीक्षण, नमूनीकरण, जब्ती एवं सीलिंग की कार्रवाई की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जयपुर में 300 किलो संदिग्ध पनीर नष्ट
जयपुर मुख्यालय की केंद्रीय टीम ने झोटवाड़ा स्थित मैसर्स श्री माया डेयरी का निरीक्षण किया। मौके पर पनीर का नमूना लिया गया तथा करीब 300 किलो पनीर नष्ट कराया गया। पनीर अत्यंत अस्वच्छ परिस्थितियों में संग्रहित पाया गया। प्रथम दृष्टया इसे अनसेफ फ़ूड की श्रेणी में पाया गया है।
फलोदी में 690 किलो वनस्पति फैट जब्त, अवैध फैक्ट्री सीज
विशेष अभियान के तहत फलोदी जिले के गांव खींचन में संचालित अवैध वनस्पति फैट निर्माण इकाई पर छापामार कार्रवाई की गई। मौके से भारी मात्रा में कच्चा माल, पैकिंग मशीन एवं तैयार उत्पाद बरामद हुए। टीम ने करीब 690 किलो वनस्पति फैट जब्त कर फैक्ट्री को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया।
धौलपुर में दूध एवं घेवर के नमूने
धौलपुर जिले के सरमथुरा कस्बे में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री पदम सिंह परमार के नेतृत्व में निरीक्षण किया गया। इस दौरान धर्मेंद्र डेयरी से मिश्रित दूध तथा जोधपुर मिष्ठान भंडार से घेवर का नमूना लिया गया। नमूनों को खाद्य प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
त्योहारी सीजन में विशेष निगरानी
अतिरिक्त आयुक्त श्री भगवत सिंह ने बताया कि त्योहारी मांग को देखते हुए राज्य एवं जिला स्तरीय टीमों को सघन निरीक्षण, नमूनीकरण एवं प्रवर्तन कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। दूध, मावा, मिठाइयों, पनीर, घी एवं अन्य खाद्य पदार्थों की विशेष निगरानी की जा रही है। जांच में खाद्य पदार्थ सब -स्टैण्डर्ड , अनसेफ या मिसब्रांडेड पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत दंडात्मक एवं अभियोजनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य कारोबारियों से मानकों के पालन की अपील
खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता, गुणवत्ता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने आमजन से भी अपील की है कि संदिग्ध या मिलावटी खाद्य पदार्थों की सूचना विभाग को दें, ताकि तत्काल कार्रवाई की जा सके।

