Uncategorized

बिहार में प्राथमिक शिक्षा से जुड़ेगी मैथिली भाषा, एक सप्ताह में अधिसूचना जारी करेगी सरकार

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी बोले- स्कूलों में मैथिली पढ़ाने के लिए होगी शिक्षकों की नियुक्ति, पाठ्यक्रम की किताबें भी होंगी प्रकाशित

दरभंगा, 25 नवंबर। बिहार के स्कूलों में अब प्राथमिक स्तर से मैथिली भाषा की पढ़ाई शुरू होगी। राज्य सरकार एक सप्ताह के भीतर इसे प्राथमिक शिक्षा से जोड़ने संबंधी अधिसूचना जारी करेगी। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बुधवार को 54वें मिथिला विभूति पर्व समारोह के तीसरे दिन यह घोषणा की।

डॉ. नागेंद्र झा स्टेडियम में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि मिथिला और मैथिली केवल भाषा नहीं, बल्कि सभ्यता, संस्कृति और परंपरा की पहचान हैं। बिहार और केंद्र सरकार मिथिला-मैथिली से जुड़ी मांगों को लेकर सकारात्मक हैं। सरकार मैथिली को प्राथमिक शिक्षा से जोड़ने का निर्णय ले चुकी है। इसके लिए स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी और भाषा एवं पाठ्यक्रम से संबंधित पुस्तकें भी जल्द प्रकाशित होंगी।

मंत्री ने कहा कि मैथिली दुनिया की सबसे मधुर भाषाओं में शामिल है। मिथिला की समृद्ध सभ्यता, संस्कृति, भाषा और परंपरा पर सभी को गर्व होना चाहिए।

उन्होंने दरभंगा में गुरुकुल विद्यापीठ स्थापित करने की भी घोषणा की। यहां एक ही परिसर में नर्सरी से लेकर शोध स्तर तक संस्कृत की पढ़ाई की व्यवस्था होगी। इसके साथ ही सरस्वती विद्या निकेतन का विस्तार किया जाएगा।

मिथिलेश तिवारी ने कहा कि कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय को केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा दिलाने के लिए राज्य सरकार केंद्र के संपर्क में है। प्रदेश के सभी प्रखंडों में राजकीय डिग्री कॉलेज खोलने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

कार्यक्रम का उद्घाटन शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, पर्यावरण मंत्री डॉ. रामचंद्र प्रसाद, सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर, राज्यसभा सांसद डॉ. धर्मशीला गुप्ता और कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. लक्ष्मीनिवास पांडेय सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *