राजस्थान

राजस्थान पुलिस का साइबर हैकाथॉन कल से, 37 टीमें 24 घंटे में तैयार करेंगी साइबर अपराध रोकने के टूल

1930 हेल्पलाइन, ऑनलाइन ठगी की रकम रिकवरी और फर्जी वेबसाइटों की पहचान पर रहेगा फोकस; 15 टीमों को मिलेंगे 5 लाख रुपए के पुरस्कार

जयपुर, 27 नवंबर। साइबर अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए राजस्थान पुलिस अब तकनीक का सहारा लेगी। साइबर ठगी, फर्जी वेबसाइट, सोशल मीडिया पर अवैध गतिविधियों और ऑनलाइन अपराधों की रोकथाम के लिए राजस्थान पुलिस और राजस्थान साइबर क्राइम कंट्रोल सेंटर (आर4सी) की ओर से 28 नवंबर से दो दिवसीय ‘साइबर सिक्योरिटी हैकाथॉन-2026’ आयोजित किया जाएगा। राजस्थान पुलिस अकादमी में होने वाले इस आयोजन में देशभर से चयनित 37 टीमें 24 घंटे लगातार काम कर साइबर अपराधों से निपटने के लिए नए तकनीकी समाधान और डिजिटल टूल्स तैयार करेंगी।

हैकाथॉन का उद्घाटन 28 नवंबर को सुबह 10 बजे पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा और गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव भास्कर ए. सावंत करेंगे। वहीं, 29 नवंबर को शाम 4 बजे समापन समारोह में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास विजेता टीमों को सम्मानित करेंगे।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (साइबर क्राइम) वीके सिंह ने बताया कि आयोजन का मकसद पुलिसिंग में तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देना और साइबर अपराधों की जांच व रोकथाम के लिए आधुनिक सिस्टम विकसित करना है। इसमें स्टार्टअप और तकनीकी संस्थान भी अपने साइबर सुरक्षा उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे।

1930 हेल्पलाइन से लेकर ठगी की रकम रिकवरी तक पर फोकस

हैकाथॉन में पुलिस के सामने आने वाली वास्तविक समस्याओं के तकनीकी समाधान खोजे जाएंगे। इसमें 1930 साइबर हेल्पलाइन पर मिलने वाली शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई, ऑनलाइन ठगी की रकम वापस दिलाने, महिलाओं और बच्चों के खिलाफ साइबर अपराध रोकने तथा पुलिस प्रक्रियाओं को ऑटोमेट करने पर विशेष जोर रहेगा। इसके अलावा साइबर अपराधियों की पहचान, जांच और अपराध प्रभावित क्षेत्रों यानी साइबर हॉटस्पॉट की पहचान के लिए भी टूल्स विकसित किए जाएंगे।

इन 5 तकनीकी चुनौतियों पर होगा काम

प्रतियोगिता में शामिल टीमें पांच प्रमुख समस्याओं पर तकनीकी समाधान तैयार करेंगी।

  1. फर्जी वेबसाइट, फिशिंग लिंक और संदिग्ध ऐप के जरिए होने वाली ठगी की पहचान।
  2. टेलीग्राम और सोशल मीडिया पर अवैध गतिविधियों की निगरानी।
  3. एआई आधारित जांच सहायक और सीडीआर-आईपीडीआर विश्लेषण टूल तैयार करना।
  4. एटीएम और कार्ड धोखाधड़ी के मामलों में सीसीटीवी फुटेज से संदिग्धों के चेहरे की स्पष्ट तस्वीर निकालना।
  5. वित्तीय अपराधों में डिजिटल नेटवर्क और पैसों के लेन-देन की कड़ियों यानी मनी ट्रेल का विश्लेषण करने वाला सिस्टम विकसित करना।

पहले दिन होंगे 5 तकनीकी सत्र

दो दिवसीय आयोजन में साइबर अपराधों से निपटने के आधुनिक तरीकों पर विशेषज्ञ सत्र भी होंगे। पहले दिन 1930 हेल्पलाइन, महिलाओं और बच्चों के खिलाफ ऑनलाइन अपराध, साइबर ठगी की रकम की रिकवरी, शिकायत निवारण, पुलिस प्रक्रियाओं के ऑटोमेशन और साइबर हॉटस्पॉट पर कार्रवाई जैसे विषयों पर चर्चा होगी।

342 टीमों में से 37 का हुआ चयन

हैकाथॉन के लिए 1 से 24 नवंबर तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किया गया था। इसमें देशभर से 342 टीमों के 938 प्रतिभागियों ने आवेदन किया। चयन प्रक्रिया के बाद 37 टीमों के 109 विद्यार्थियों को फाइनल के लिए आमंत्रित किया गया है। इनमें आईआईटी मद्रास, नेशनल फॉरेंसिक साइंसेज यूनिवर्सिटी और राष्ट्रीय रक्षा यूनिवर्सिटी सहित कई प्रतिष्ठित संस्थानों की टीमें शामिल हैं।

5 लाख रुपए के होंगे 15 पुरस्कार

प्रतियोगिता की पांचों समस्या श्रेणियों में प्रथम पुरस्कार 50 हजार, द्वितीय पुरस्कार 35 हजार और तृतीय पुरस्कार 15 हजार रुपए रखा गया है। इस तरह कुल 15 पुरस्कारों पर 5 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। प्रत्येक टीम में अधिकतम चार सदस्य शामिल हो सकते हैं और टीम को पांच में से किसी एक समस्या पर समाधान तैयार करना होगा।

एग्जीबिशन में दिखेंगे एआई और साइबर फॉरेंसिक सॉल्यूशन

आयोजन में आईटी कंपनियों और राजस्थान पुलिस की ओर से विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसमें एआई आधारित साइबर समाधान, ओपन सोर्स इंटेलिजेंस, डिजिटल फॉरेंसिक और डेटा एनालिसिस से जुड़े टूल्स प्रदर्शित होंगे। साथ ही साइबर सुरक्षा को लेकर राजस्थान पुलिस की ओर से किए गए प्रयासों की जानकारी दी जाएगी। आयोजन में कैप्चर द फ्लैग प्रतियोगिता भी होगी।

इसके अलावा प्रत्येक साइबर क्राइम पुलिस थाने से दो पुलिसकर्मी और प्रोबेशनर्स हिस्सा लेंगे। जयपुर के 14 इंजीनियरिंग कॉलेजों के 70 साइबर जिज्ञासु विद्यार्थी भी आयोजन में शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *