राजस्थान

मुख्यमंत्री भजनलाल ने किया ₹117 करोड़ की लागत वाली 95 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास

खैरथल-तिजारा/जयपुर, 28 सितंबर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को खैरथल में आयोजित कार्यक्रम में अलवर, खैरथल-तिजारा और कोटपूतली-बहरोड़ के लिए 117 करोड़ रुपए के 95 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली-एनसीआर से नजदीकी, भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र और बेहतर कनेक्टिविटी के चलते खैरथल-तिजारा आने वाले समय में राजस्थान ही नहीं, बल्कि देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

खैरथल-तिजारा के लिए ये घोषणाएं

मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें रामजल सेतु लिंक परियोजना के तहत नीमराणा बांध का कार्य शुरू करना, 45 मीटर मास्टर प्लान सड़क का विकास, तिजारा से फिरोजपुर हरियाणा सीमा तक सड़क सुदृढ़ीकरण, पीएचईडी के नए अधिशासी अभियंता पद और जेवीवीएनएल के नए अधिशासी अभियंता कार्यालय की घोषणा शामिल है।

95 कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास

कार्यक्रम में सड़क नेटवर्क मजबूत करने के साथ पुस्तकालय, पार्क, गौशाला, किसान सेवा केंद्र और खेल मैदान सहित 72 विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया। वहीं सड़क, शिक्षा और अन्य सुविधाओं से जुड़े 23 कार्यों का लोकार्पण किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 10 हजार किलोमीटर मिसिंग लिंक सड़कों का निर्माण किया गया है। 327 अटल प्रगति पथों के लिए 813 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें 282 कार्य पूरे हो चुके हैं। दिल्ली-हरियाणा क्षेत्र से प्रस्तावित आरआरटीएस को बहरोड़ तक लाने और आगे कोटपूतली तक विस्तार देने की दिशा में भी कार्रवाई की जा रही है।

10 लाख नए सदस्य सहकारिता से जुड़े

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने सहकारिता क्षेत्र में भ्रष्टाचार खत्म कर ग्राम पंचायत स्तर तक सहकारी समितियों को सक्रिय किया है। करीब 10 लाख नए सदस्य सहकारिता से जोड़े गए हैं। पिछले ढाई वर्षों में दूध का उत्पादन 34 लाख लीटर प्रतिदिन से बढ़कर 47 लाख लीटर हो गया है।

उन्होंने बताया कि युवाओं को 1.90 लाख सरकारी नियुक्तियां दी जा चुकी हैं, जबकि 1.22 लाख पदों पर भर्ती प्रक्रियाधीन है। लखपति दीदी योजना से लाभान्वित महिलाओं की संख्या करीब 11 लाख से बढ़कर 19 लाख हुई है। 57 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों को जोड़कर 928 करोड़ रुपए का ऋण उपलब्ध कराया गया है।

चार जल समझौतों का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश के लिए चार महत्वपूर्ण जल समझौते हुए हैं। इनमें रामजल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, नर्मदा जल संबंधी समझौता और किशाऊ बहुउद्देशीय परियोजना शामिल हैं। जल जीवन मिशन के तहत 15 लाख से अधिक ग्रामीण परिवारों को नल से जल उपलब्ध करवाया गया है।

केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में खैरथल क्षेत्र के विकास के लिए जिला मुख्यालय, मेडिकल कॉलेज, स्टेडियम और बस स्टैंड जैसी आवश्यकताओं पर काम किया जा रहा है। भिवाड़ी के औद्योगिक विकास को पूरे खैरथल जिले से जोड़कर चहुंमुखी विकास का प्रयास किया जा रहा है।

वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री संजय शर्मा ने कहा कि सरकार ने प्रदेश की सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में बिना भेदभाव बजट का आवंटन किया है। कार्यक्रम में विधायक महंत बालकनाथ, सुखवंत सिंह, कुलदीप धनकड़, हंसराज पटेल, देवी सिंह शेखावत, अलवर महापौर सुमनलता अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *