राजस्थान

शुष्क क्षेत्रों में किसानों की आय बढ़ाएगा ग्रेपफ्रूट, ICAR-CIAH कर रहा किस्मों का परीक्षण

रेड ब्लश, डंकन, मार्श सीडलेस और रूबी रेड किस्मों पर शोध; सफल परिणाम मिलने पर किसानों को मिलेगा फल उत्पादन का नया व्यावसायिक विकल्प

बीकानेर। राजस्थान के शुष्क एवं अर्द्ध-शुष्क क्षेत्रों में किसानों की आय बढ़ाने के लिए ग्रेपफ्रूट की खेती नया विकल्प बन सकती है। केंद्रीय शुष्क बागवानी संस्थान (ICAR-CIAH) की ओर से ग्रेपफ्रूट सहित विभिन्न नींबू वर्गीय फलों की किस्मों का मूल्यांकन किया जा रहा है। संस्थान का उद्देश्य ऐसी किस्मों की पहचान करना है, जो कम अनुकूल जलवायु वाले क्षेत्रों में भी बेहतर उत्पादन दे सकें।

भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के सहायक महानिदेशक डॉ. विश्व बंधु पटेल तथा अनुसंधान सलाहकार परिषद के सदस्य डॉ. बीएस तोमर, डॉ. ज्योत्सना शर्मा और डॉ. जय सिंह परिहार ने संस्थान के नींबू वर्गीय फल अनुसंधान प्रक्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने वैज्ञानिकों से विभिन्न किस्मों के प्रदर्शन, उत्पादन क्षमता और शोध कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।

डॉ. विश्व बंधु पटेल ने ग्रेपफ्रूट के पौष्टिक एवं न्यूट्रास्यूटिकल गुणों को देखते हुए इसके व्यापक प्रसार और व्यावसायिक खेती को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षणों में शुष्क एवं अर्द्ध-शुष्क जलवायु के अनुकूल किस्में सफल रहती हैं तो किसानों को पारंपरिक फलों के साथ आय का नया विकल्प मिल सकेगा।

संतरे की तुड़ाई का समय बढ़ाने पर भी शोध

संस्थान के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. लालचंद ने बताया कि शुष्क जलवायु में मीठे संतरे की तुड़ाई अवधि बढ़ाने के लिए कई किस्मों की पहचान की गई है। सतगुड़ी किस्म सितंबर के अंतिम सप्ताह से नवंबर के मध्य तक पकती है। अर्ली गोल्ड और CIAH-SO-24/17 मध्य मौसम की किस्में हैं। पूसा राउंड और ब्लड रेड देर मौसम में पकती हैं, जबकि वेलेंसिया ओलिंड और CIAH-SO-22/15 अति देर से पकने वाली किस्में हैं। इनके जरिए बाजार में संतरे की उपलब्धता लंबे समय तक बनाए रखने की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं।

चार ग्रेपफ्रूट किस्मों का हो रहा मूल्यांकन

ग्रेपफ्रूट की अनुकूलता और उत्पादन क्षमता जांचने के लिए रेड ब्लश, डंकन, मार्श सीडलेस और रूबी रेड किस्मों का परीक्षण किया जा रहा है। इनमें पौधों की वृद्धि, फलन, उपज और गुणवत्ता के विभिन्न मानकों का अध्ययन किया जा रहा है, ताकि क्षेत्र की जलवायु और उपलब्ध संसाधनों के अनुसार बेहतर किस्मों का चयन किया जा सके।

प्रधान वैज्ञानिक डॉ. मुकेश बेरवाल ने बताया कि ग्रेपफ्रूट कम कैलोरी और पोषक तत्वों से भरपूर फल है। इसके 100 ग्राम गुलाबी एवं लाल गूदे में करीब 42 किलो कैलोरी ऊर्जा, 31 मिलीग्राम विटामिन-C, 135 मिलीग्राम पोटैशियम और 1.6 ग्राम आहारीय रेशा मिलता है। रेड ब्लश और रूबी रेड जैसी किस्मों में लाइकोपीन, बीटा-कैरोटीन और नारिंगिन जैसे प्राकृतिक जैव-सक्रिय यौगिक भी पाए जाते हैं।

वैज्ञानिकों के अनुसार ग्रेपफ्रूट की उपयुक्त किस्मों की पहचान होने पर राजस्थान सहित अन्य शुष्क क्षेत्रों में बागवानी के नए अवसर विकसित हो सकते हैं। इससे फल उत्पादन में विविधता और किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *