भारत

दिल्ली में एकम न्याय सम्मेलन: पुरुष अधिकारों और लैंगिक समानता पर हुई चर्चा, न्यायिक सुधारों की उठी मांग

नई दिल्ली, 24 नवंबर। लैंगिक समानता, पुरुष अधिकारों और न्यायिक सुधारों को लेकर दिल्ली के ओ.पी. जिंदल ऑडिटोरियम में रविवार को ‘एकम न्याय सम्मेलन 2026’ आयोजित किया गया। एकम न्याय फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस सम्मेलन में कानूनों के दुरुपयोग, झूठे आरोपों से निर्दोष लोगों के संरक्षण और निष्पक्ष न्याय व्यवस्था जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि न्याय व्यवस्था में वास्तविक पीड़ितों को न्याय दिलाने के साथ निर्दोष नागरिकों के अधिकारों की रक्षा भी जरूरी है।

सम्मेलन में सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति आदर्श कुमार गोयल शामिल हुए। वहीं, पूर्व जिला एवं सत्र न्यायाधीश न्यायमूर्ति एस.एस. उपाध्याय ने पैनल चर्चा में हिस्सा लेकर न्यायिक प्रक्रियाओं, कानूनों के संभावित दुरुपयोग और कानूनी जागरूकता के महत्व पर विचार रखे। वे LawHelpline.in वेबसाइट के माध्यम से भी कानूनी जानकारी उपलब्ध कराते हैं।

प्रसिद्ध पत्रकार, डॉक्यूमेंट्री फिल्म निर्माता और पुरुष अधिकार कार्यकर्ता दीपिका नारायण भारद्वाज के नेतृत्व में आयोजित सम्मेलन में पारिवारिक विवादों, पुरुषों की मानसिक स्थिति, बच्चों के अधिकारों और लैंगिक रूप से निष्पक्ष न्याय व्यवस्था की जरूरत पर भी चर्चा हुई।

फिल्म ‘लव लॉटरी’ के निर्देशक अरविंद पांडेय ने भी पैनल चर्चा में अपने विचार रखे। सामाजिक रूप से संवेदनशील विषयों पर फिल्म निर्माण के लिए उन्हें ‘आयरन स्पाइन अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में पुरुष अधिकारों और कानूनी जागरूकता के क्षेत्र में काम कर रहे प्लेटफॉर्म MenToo की पहल LegitMenToor.in का भी उल्लेख किया गया। आयोजकों के अनुसार, यह प्लेटफॉर्म कोर्ट डेटा आधारित AI कानूनी सहायता प्रणाली के रूप में काम करता है। इसके जरिए अदालती मामलों का विश्लेषण, न्यायिक फैसलों की जानकारी, कानूनी मार्गदर्शन, AI सहायता और वेबिनार जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।

सम्मेलन में वक्ताओं ने कहा कि न्याय का आधार किसी व्यक्ति का लिंग नहीं, बल्कि सत्य, साक्ष्य और संवैधानिक समानता होना चाहिए। वास्तविक पीड़ितों को सुरक्षा और न्याय मिलने के साथ निर्दोष नागरिकों के अधिकारों का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *