पुष्कर में कल ब्रह्मचतुर्दशी पर निकलेगी संतों की शाही सवारी, सप्तऋषि घाट पर होगा शाही स्नान
सुबह 7 बजे बाबा रामदेव आश्रम से रवाना होंगे साधु-संत, बैंड-बाजों के साथ निकलेगी शोभायात्रा; कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को होगा महास्नान
अजमेर, 22 नवंबर। अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले के धार्मिक आयोजनों के तहत सोमवार को ब्रह्मचतुर्दशी पर संत-महात्माओं का शाही स्नान होगा। इसके लिए पुष्कर में डेरा डाले साधु-संतों की शाही सवारी सुबह 7 बजे बाबा रामदेव आश्रम से रवाना होगी। संतों की अगुवाई सैन शक्ति पीठ के संस्थापक अचलानंदाचार्य महाराज और रामरमैया आश्रम के संत प्रेमदास महाराज करेंगे।
शाही सवारी बैंड-बाजों और पारंपरिक लवाजमे के साथ गायत्री शक्ति पीठ और गुरुद्वारा होते हुए सप्तऋषि घाट पहुंचेगी। यहां साधु-संत पहले पवित्र पुष्कर सरोवर का पूजन और अभिषेक करेंगे। इसके बाद विधि-विधान से शाही स्नान किया जाएगा।
सड़कों पर होगी पुष्प वर्षा
शाही स्नान के दौरान पुष्कर की सड़कों पर संत-महात्माओं का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है। शाही सवारी के दौरान संतों के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा का महास्नान
पंचतीर्थ स्नान के अंतिम और प्रमुख अवसर पर मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा का महास्नान होगा। इस मौके पर देशभर से लाखों श्रद्धालुओं के पुष्कर पहुंचने और पवित्र सरोवर में आस्था की डुबकी लगाने की संभावना है। कार्तिक पूर्णिमा के स्नान के साथ ही पुष्कर मेले के धार्मिक आयोजनों का विशेष महत्व पूर्णता को प्राप्त करेगा।

