राजस्थान

जनगणना-2027 का प्रथम चरण आज से 14 जून तक, घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक

जयपुर, 15 मई। प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला कलक्टर के निर्देशन में जिले में भारत जनगणना 2027 के प्रथम चरण अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य शनिवार, 16 मई से प्रारंभ किया जाएगा। यह कार्य 14 जून 2026 तक जिलेभर में संचालित होगा, जिसके तहत प्रगणक एवं सुपरवाइजर घर-घर पहुंचकर मकानों का सूचीकरण, परिवारों का विवरण एवं आवश्यक आंकड़ों का संकलन करेंगे। जिला कलक्टर ने बताया कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण के सफल संचालन के लिए जिले में व्यापक तैयारियां की गई हैं। मकान सूचीकरण कार्य के लिए जिले में प्रगणक एवं सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं। सभी कार्मिकों को संबंधित एचएलबी एवं सुपरवाइजरी सर्कल आवंटित कर आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि जनगणना कार्य पूर्णतः डिजिटल माध्यम से किया जाएगा। प्रगणक मोबाइल एप एवं डिजिटल पोर्टल के माध्यम से परिवारों से प्राप्त जानकारी ऑनलाइन दर्ज करेंगे, जिससे आंकड़ों की सटीकता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित हो सकेगी।
स्व-गणना में जिलेवासियों की सक्रिय भागीदारी: प्रमुख जनगणना अधिकारी ने बताया कि 15 मई 2026 को सायं 6 बजे तक जिले में कुल 14 हजार 526 नागरिकों द्वारा स्व-गणना प्रक्रिया पूर्ण की जा चुकी है। अब प्रगणक घर-घर जाकर भौतिक सत्यापन करेंगे, ताकि आंकड़ों की शुद्धता एवं विश्वसनीयता सुनिश्चित की जा सके।
विकास योजनाओं की आधारशिला है जनगणना: जिला कलक्टर ने कहा कि जनगणना देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक एवं सांख्यिकीय प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से जनसंख्या, शिक्षा, रोजगार, आवास, सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति सहित विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियां संकलित की जाती हैं। इन आंकड़ों के आधार पर सरकार द्वारा विकास योजनाएं तैयार की जाती हैं तथा विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाता है। उन्होंने कहा कि “हमारी जनगणना हमारा विकास” की भावना के साथ यह अभियान संचालित किया जा रहा है, ताकि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता सुनिश्चित हो सके और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *