बिहार की संस्कृति में रचे बसे प्रधानमंत्री मोदी, दर्शकों के अभिवादन में गमछा लहराया
हाजीपुर, 21 नवंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को प्राचीन भारत मे लिच्छवी गणराज्य की राजधानी वैशाली की धरती पर बिहारी संस्कृति में रच बस गए और दर्शको के अभिवादन में गमछा लहराने के साथ छठी मईया को भी याद किया।
प्रधानमंत्री ने छठ व्रत के दौरान बिहार की माताओं और बहनों के कठिन तप को याद किया और प्रदेश की समृद्धि की कामना की।
श्री मोदी गंगा नदी पर निर्मित आज लोकार्पित होने वाले नीतीश सेतु पर भ्रमण के बाद जब वैशाली पहुंचे, उस समय विशाल जनसमूह को देख कर आह्लादित हो गए। उन्होंने उपस्थित भीड़ को चहुमुखी देखा और हाथ हिला कर अभिनंदन किया। इस बीच वहां उपस्थित भीड़ से उनके स्वागत में आवाजें उठती रही। इसके बाद बढ़ते स्वागत जोश के बीच प्रधानमंत्री ने गले से गमछा उतार लिया और तेजी से दर्शकों की तरफ लहरा कर अभिवादन स्वीकार करने के लहजे को एक नया आयाम दे दिया। दरअसल उन्होंने गमछे लहराने के बिहारी अंदाज का प्रदर्शन कर यहां की संस्कृति से खुद को जोड़ दिया।
प्रधानमंत्री ने बिहार की जनता से विशेष कनेक्ट बनाते हुए पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सराहना की, अपने पुराने मित्र पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व.रामविलास पासवान को याद किया और ख्यालों में जाते हुए महसूस किया कि श्री पासवान इस नजारे को आकाश में बैठे देख और पुष्प वृष्टि कर रहे हैं।
श्री मोदी ने बिहार के प्राचीन गौरव की चर्चा की और आने वाले दिनों में पुनरुत्थान के प्रयासों की बात कही। उन्होंने कहा कि बिहार बदल रहा है और कभी अपराध के लिए जाना जाने वाला प्रदेश अब विकास की नई गाथा लिखने को तैयार है।

