राजस्थान

दीयों से रोशन हुआ स्टेच्यू सर्किल, भव्य आतिशबाजी से रोशन हुआ आसमां

11 हजार दीयों से जगमगाया स्टेच्यू सर्किल, आतिशबाजी और शहनाई की गूंज से रोशन हुआ जयपुर

जयपुर, 18 नवंबर। गुलाबी नगरी जयपुर का 299वां स्थापना दिवस बुधवार को धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। शहर के स्टेच्यू सर्किल पर 11 हजार इलेक्ट्रॉनिक और मिट्टी के दीयों की रोशनी ने ऐसा नजारा पेश किया कि पूरा परिसर जगमगा उठा। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों, शहनाई वादन और भव्य आतिशबाजी ने समारोह को यादगार बना दिया। आसमान में आतिशबाजी के नजारे देखने के लिए बड़ी संख्या में जयपुरवासी जुटे। विदेशी पर्यटकों ने भी कार्यक्रम का आनंद लिया।

गंगापोल गेट पर गणेश पूजन से हुई शुरुआत

स्थापना दिवस के कार्यक्रमों की शुरुआत गंगापोल गेट पर प्रथम पूज्य भगवान गणेश की विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुई। महापौर सुनील कोठारी और जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा ने पूजा कर शहर की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस मौके पर महापौर ने जयपुरवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई। आसमान से बरसी गुलाब की पंखुड़ियों ने लोगों को रोमांचित कर दिया। इसके बाद महापौर गोविंददेवजी मंदिर पहुंचे और दर्शन-पूजन किया। यहां कलाकारों ने आकर्षक कथक नृत्य की प्रस्तुति दी।

आठ हाथियों पर शहनाई वादन, मंत्रोच्चार से हुआ दीप प्रज्ज्वलन

स्टेच्यू सर्किल पर आयोजित मुख्य समारोह का शुभारंभ राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने किया। गायत्री परिवार के सदस्यों ने मंत्रोच्चार के बीच दीप प्रज्ज्वलन किया। समारोह में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, सांसद मंजू शर्मा, राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी, महापौर सुनील कोठारी और उपमहापौर सरोज कंवर सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

स्टेच्यू सर्किल के चारों ओर आठ हाथियों पर शहनाई वादन की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। लोकगीतों पर कलाकारों ने नृत्य प्रस्तुत कर राजस्थान की लोक संस्कृति की झलक दिखाई। हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा और गायत्री मंत्र के सामूहिक उच्चारण ने आयोजन को खास बना दिया।

‘जयपुर अखिल विश्व से न्यारा’ गीत ने बांधा समां

समारोह में ‘जयपुर अखिल विश्व से न्यारा’ गीत की प्रस्तुति ने लोगों का मन मोह लिया। 11 हजार इलेक्ट्रॉनिक और मिट्टी के दीपकों से जगमगाते स्टेच्यू सर्किल का नजारा देखने लायक रहा। देर शाम हुई भव्य आतिशबाजी ने आसमान को रोशनी से भर दिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और रोशनी के इस संगम ने जयपुर के 299वें स्थापना दिवस को यादगार बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *