बॉलीवुड

59 साल की हुईं जूही चावला, ‘कयामत से कयामत तक’ से मिली पहचान; आमिर खान के साथ खूब जमी जोड़ी

मुंबई, 13 नवंबर। बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री जूही चावला शुक्रवार को 59 वर्ष की हो गईं। 13 नवंबर 1967 को जन्मी जूही ने अपने अभिनय, खूबसूरती और चुलबुले अंदाज से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई। करीब चार दशक लंबे फिल्मी सफर में उन्होंने हिंदी के साथ दक्षिण भारतीय और पंजाबी फिल्मों में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

जूही चावला ने शुरुआती शिक्षा लुधियाना से प्राप्त की और बाद में मुंबई के सिद्धेनम कॉलेज से पढ़ाई पूरी की। वर्ष 1984 में उन्होंने मिस इंडिया का खिताब जीता। इसके बाद मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया, जहां उन्हें सर्वश्रेष्ठ वेशभूषा का पुरस्कार मिला। मॉडलिंग के जरिए उन्होंने मनोरंजन जगत में कदम रखा।

जूही ने वर्ष 1986 में फिल्म ‘सल्तनत’ से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की, लेकिन यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं रही। इसके बाद उन्होंने अभिनय प्रशिक्षण लिया और दक्षिण भारतीय फिल्मों की ओर रुख किया। वर्ष 1987 में आई कन्नड़ फिल्म ‘प्रेमालोक’ उनके करियर की पहली सफल फिल्म साबित हुई।

हालांकि, उन्हें असली पहचान वर्ष 1988 में आमिर खान के साथ आई फिल्म ‘कयामत से कयामत तक’ से मिली। फिल्म की सफलता ने उन्हें रातोंरात स्टार बना दिया। इसके बाद ‘स्वर्ग’, ‘प्रतिबंध’ और ‘बोल राधा बोल’ जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को सराहा गया।

वर्ष 1993 में महेश भट्ट के निर्देशन में बनी फिल्म ‘हम हैं राही प्यार के’ उनके करियर की महत्वपूर्ण फिल्म साबित हुई। इसमें आमिर खान के साथ उनकी जोड़ी और चुलबुले अंदाज को दर्शकों ने खूब पसंद किया। इस फिल्म के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का फिल्मफेयर पुरस्कार मिला। इसी साल यश चोपड़ा की सुपरहिट फिल्म ‘डर’ में भी उन्होंने अहम भूमिका निभाई।

वर्ष 1997 में जूही ने उद्योगपति जय मेहता से विवाह किया। वर्ष 1999 में उन्होंने शाहरुख खान के साथ मिलकर फिल्म निर्माण के क्षेत्र में कदम रखा और ‘ड्रीम्स अनलिमिटेड’ प्रोडक्शन कंपनी की स्थापना की। इसके बैनर तले ‘फिर भी दिल है हिंदुस्तानी’, ‘अशोका’ और ‘चलते-चलते’ जैसी फिल्मों का निर्माण हुआ।

जूही चावला ने अपने करियर में करीब 100 फिल्मों में अभिनय किया है। वह आईपीएल टीम कोलकाता नाइट राइडर्स की सह-मालकिन भी हैं। अभिनय के साथ कारोबार और फिल्म निर्माण में सक्रिय जूही आज भी मनोरंजन जगत में अपनी मौजूदगी बनाए हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *