राजस्थान

15 दिसंबर को सरकार के तीन साल पूरे, जनता के सामने रखेंगे रिपोर्ट कार्ड और आगे का विजन: भजनलाल शर्मा

जयपुर, 14 नवंबर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार आगामी 15 दिसंबर को अपने तीन साल पूरे होने पर अब तक किए गए कार्यों का रिपोर्ट कार्ड और भविष्य का विजन जनता के सामने रखेगी। सरकार ने गरीब को गणेश मानकर सेवा करने का संकल्प लिया है और गरीब, किसान, मजदूर, पशुपालक, महिलाओं व युवाओं के कल्याण के लिए काम किया है।

मुख्यमंत्री शनिवार सुबह जयपुर के जवाहर सर्किल पर मॉर्निंग वॉक के दौरान मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार ने उन योजनाओं को धरातल पर उतारा है, जो पहले केवल कागजों में चलती थीं। युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के प्रयास किए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछले तीन वर्षों में पेपर लीक की एक भी घटना नहीं हुई।

संकल्प पत्र के वादे पूरे करने का दावा: शर्मा ने कहा कि सरकार ने पहले साल और दूसरे साल का रिपोर्ट कार्ड भी जनता के सामने रखा था। अब तीसरे साल भी उपलब्धियों के साथ आगे की कार्ययोजना साझा की जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को विकसित राजस्थान के माध्यम से पूरा किया जाएगा।

लोगों से किया संवाद, बच्चों को बांटी चॉकलेट: मॉर्निंग वॉक के दौरान मुख्यमंत्री ने बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और सुझाव लिए। बच्चों से पढ़ाई और दिनचर्या की जानकारी लेकर उन्हें चॉकलेट बांटी। उन्होंने मंदिर में दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। आमजन के साथ छाछ पीकर स्वस्थ खानपान और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री ने फिट इंडिया अभियान का जिक्र करते हुए नियमित व्यायाम, योग और स्वच्छता अपनाने की अपील की। इस दौरान उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *