टाउन स्क्वायर द्वितीय में लहरिया महोत्सव, दम्पत्तियों ने जमकर किया नृत्य
जयपुर, 16 अगस्त। शनिवार को चोरडिया सिटी की इन्द्रप्रस्थ कॉलोनी स्थित सीएम रेजीडेंसी की बिल्डिंग टाउन स्क्वायर द्वितीय में लहरिया महोत्सव का आयोजन किया गया। आयोजक कल्पना अरोड़ा और लवीना तंवर के संयोजन में हुए कार्यक्रम में दम्पत्तियों ने पारंपरिक लहरिया परिधानों में सज-धजकर उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की एंकरिंग गौरीशा और आशीष ने की। दोनों ने अपनी प्रभावी एंकरिंग से कार्यक्रम में उत्साह और उमंग का माहौल बनाए रखा। राजस्थानी गीत-संगीत की धुनों पर दम्पत्तियों ने जमकर नृत्य किया और कार्यक्रम में खूब रंग जमाया। महिलाओं ने आकर्षक लहरिया परिधानों में तथा पुरुषों ने पारंपरिक परिधानों में हिस्सा लिया। इस दौरान विभिन्न मनोरंजक गतिविधियां और प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिनमें प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। आयोजक कल्पना अरोड़ा ने बताया कि लहरिया महोत्सव का उद्देश्य राजस्थानी संस्कृति और पारंपरिक परिधानों को प्रोत्साहित करने के साथ सोसायटी के निवासियों को एक-दूसरे से जोड़ना है। कार्यक्रम में अल्पाहार की व्यवस्था त्रिलोक टेलर एवं अंकित कुमार ने संभाली। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल लोगों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था की। महोत्सव में बड़ी संख्या में सोसायटी निवासी मौजूद रहे। रंग-बिरंगे लहरिया परिधान, लोक संगीत और दम्पत्तियों के नृत्य से पूरा माहौल उत्सवमय हो गया।

