राजस्थान

9 अगस्त से शुरू होगा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान

जयपुर, 07 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में जिलेभर में 9 अगस्त से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान-2026 का शुभारंभ किया जाएगा। अभियान के प्रथम दिन ग्राम एवं वार्ड स्तर पर जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। तिरंगा रैलियां निकाली जाएंगी तथा आमजन को राष्ट्रध्वज के सम्मान एवं राष्ट्रभक्ति के प्रति जागरूक किया जाएगा।

जिला कलक्टर संदेश नायक ने अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रमों में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रध्वज के सम्मान से जोड़ना तथा देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाना हैं।

उन्होंने बताया कि 9 अगस्त को अभियान के तहत ग्राम एवं वार्ड स्तर पर तिरंगा अभियान के प्रति जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित होंगी। तिरंगा रैली निकाली जाएगी, अभियान की शपथ दिलाई जाएगी तथा सार्वजनिक स्थलों पर भजन एवं देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

जिला कलक्टर ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि अभियान के प्रथम दिवस के सभी कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा अधिकाधिक नागरिकों की सहभागिता के साथ अभियान को सफल बनाया जाए। साथ ही जिलेवासियों से अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने तथा अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *