दशहरा पर जयपुर में 11 से 20 अक्टूबर तक रामलीला का होगा मंचन
जयपुर, 09 अक्टूबर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में दशहरा पर्व के अवसर पर 11 से 20 अक्टूबर तक रामलीला मैदान में रामलीला का मंचन किया जायेगा।
श्री सनातन धर्म महोत्सव समिति, जयपुर के द्वारा इस कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। समिति की संरक्षक एवं जयपुर शहर सीट से सांसद मंजू शर्मा ने गुरुवार को यहां मीडिया को इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि जयपुर में रामलीला का एक समृद्ध इतिहास रहा है, जिसे इस वर्ष एक भव्य एवं आधुनिक स्वरुप देते हुए रामलीला का मंचन किया जायेगा। उन्होंने बताया कि मथुरा के प्रसिद्ध कलाकार रामलीला में रामायण प्रसंग का मंचन करेंगे।
उन्होंने बताया कि 14 अक्टूबर को राम विवाह प्रसंग का मंचन होगा। इससे पहले जयपुर में श्रीरामजी की बारात जयपुर के प्राचीन श्री रामचंद्र मंदिर चांदपोल बाजार से शुरु होकर छोटी चौपड़, त्रिपोलिया बाजार, बड़ी चौपड़, जौहरी बाजार, बापू बाजार न्यू गेट से होती हुई रामलीला मैदान पर पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि इस दौरान जयपुरवासी अलग-अलग स्थानों पर इस बारात का स्वागत करेंगे। उन्होंने बताया कि 20 अक्टूबर को 51 फुट लंबे रावण के पुतले का दहन भी किया जायेगा। रामलीला मंचन के अवसर पर साधु संत का आगमन भी होगा। इस मौके कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन भी किया गया।

