राजस्थान

साइबर ठगी रोकने के लिए 35 टीमें बनाएंगी तकनीकी टूल, राजस्थान पुलिस का हैकाथॉन शुरू

24 घंटे में तैयार होंगे समाधान, फिशिंग लिंक से लेकर एटीएम फुटेज तक की जांच के लिए विकसित होंगे सिस्टम

जयपुर, 28 नवंबर। साइबर अपराधियों के नए-नए तरीकों से निपटने के लिए अब राजस्थान पुलिस तकनीकी विशेषज्ञों और युवाओं की मदद लेगी। फर्जी वेबसाइट, फिशिंग लिंक, सोशल मीडिया और टेलीग्राम के जरिए होने वाली साइबर ठगी पर लगाम लगाने के लिए शनिवार को राजस्थान पुलिस अकादमी (आरपीए) में दो दिवसीय साइबर सिक्योरिटी हैकाथॉन-2026 शुरू हुआ।

राजस्थान पुलिस और राजस्थान साइबर क्राइम कंट्रोल सेंटर (आर4सी) की ओर से आयोजित इस हैकाथॉन का उद्घाटन पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने किया। इसमें देशभर से 35 टीमें हिस्सा ले रही हैं। ये टीमें लगातार 24 घंटे काम करके साइबर अपराधों की जांच, रोकथाम और ठगी की रकम की रिकवरी को आसान बनाने वाले तकनीकी समाधान तैयार करेंगी।

पांच समस्याओं पर तैयार होंगे तकनीकी समाधान

हैकाथॉन में साइबर अपराध से जुड़ी पांच प्रमुख चुनौतियां रखी गई हैं। इनमें स्कैम मैसेज और फिशिंग लिंक की पहचान, वित्तीय अपराधों और मनी ट्रेल का विश्लेषण, एआई आधारित सीडीआर-आईपीडीआर विश्लेषण प्रणाली, सोशल मीडिया और टेलीग्राम मॉनिटरिंग तथा एटीएम फुटेज का विश्लेषण शामिल है। इन समस्याओं के समाधान के लिए टीमें नए टूल और सिस्टम विकसित करेंगी, जिससे पुलिस की जांच में लगने वाला समय कम हो सकेगा।

उपयोगी समाधान बने तो पूरे प्रदेश में लागू होंगे

डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि साइबर अपराधों के साथ युवाओं को नौकरी दिलाने का झांसा देकर अपराध और गैरकानूनी गतिविधियों में धकेलने की घटनाएं भी गंभीर चुनौती बन रही हैं। इनसे निपटने के लिए पुलिस तंत्र को लगातार मजबूत किया जा रहा है।

उन्होंने प्रतिभागियों से ऐसे समाधान तैयार करने को कहा, जो सरल, व्यावहारिक और कम खर्चीले हों तथा पुलिस के हर स्तर पर आसानी से इस्तेमाल किए जा सकें। हैकाथॉन में विकसित किसी तकनीकी समाधान की उपयोगिता प्रमाणित होने पर उसे प्रदेशभर में लागू किया जाएगा। इसके लिए संबंधित टीम और संस्थान के योगदान को भी पहचान दी जाएगी।

साइबर सुरक्षा के लिए आमजन की भागीदारी जरूरी

डीजी कानून एवं व्यवस्था संजय कुमार अग्रवाल ने कहा कि साइबर अपराधों से निपटने के लिए पुलिस के साथ आम नागरिकों, विद्यार्थियों, बैंकों, वित्तीय संस्थानों, शिक्षाविदों और तकनीकी विशेषज्ञों की भागीदारी जरूरी है। साइबर प्रशिक्षण, साइबर पुलिस थानों और साइबर क्राइम कंट्रोल सेंटर के जरिए पुलिस अपनी क्षमताएं बढ़ा रही है।

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस वीके सिंह ने प्रतिभागियों को नवाचार, तार्किक सोच और रचनात्मकता के साथ समस्याओं के समाधान खोजने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए राजस्थान पुलिस की भावी योजनाओं की जानकारी भी दी।

देशभर से पहुंचीं 35 टीमें, तकनीक की प्रदर्शनी भी लगी

हैकाथॉन में जयपुर, सूरतगढ़, पुणे, पंजाब, झारखंड, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, गुजरात, दिल्ली, पटना और तमिलनाडु सहित विभिन्न राज्यों की 35 टीमें भाग ले रही हैं। आयोजन में साइबर सुरक्षा से जुड़े नए तकनीकी समाधानों की प्रदर्शनी भी लगाई गई है। इसमें एआई आधारित साइबर सॉल्यूशन, ओपन सोर्स इंटेलिजेंस, फॉरेंसिक साइंस और डेटा एनालिसिस की तकनीकें प्रदर्शित की गईं। इसके साथ कैप्चर द फ्लैग प्रतियोगिता भी आयोजित हुई।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक साइबर क्राइम सुमित मेहरड़ा सहित राजस्थान पुलिस, बैंकिंग सेक्टर के वरिष्ठ अधिकारी, साइबर विशेषज्ञ और विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *