भारत

ज्योतिबा फुले का जीवन शिक्षा, समानता और न्याय के लिए संघर्ष की मिसाल : सम्राट चौधरी

महात्मा फुले की पुण्यतिथि पर बिहार के मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि, सावित्रीबाई के साथ लड़कियों के लिए खोला था पहला स्कूल

पटना, 28 नवंबर। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने महान समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि ज्योतिबा फुले ने अपना पूरा जीवन महिला शिक्षा, सामाजिक समानता और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष में समर्पित किया। शिक्षा, समानता और न्याय की स्थापना के लिए उनका अभियान आज भी समाज के लिए प्रेरणादायी है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर संदेश जारी कर महात्मा फुले के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि सामाजिक कुरीतियों और भेदभाव के खिलाफ ज्योतिबा फुले के प्रयासों से सभी को प्रेरणा लेनी चाहिए।

महात्मा ज्योतिबा फुले का जन्म 11 अप्रैल 1827 को महाराष्ट्र में हुआ था। उन्होंने जातिगत भेदभाव, सामाजिक असमानता और महिलाओं की अशिक्षा के खिलाफ आवाज उठाई। पत्नी सावित्रीबाई फुले के साथ मिलकर वर्ष 1848 में पुणे में लड़कियों के लिए विद्यालय शुरू किया। यह महिला शिक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल थी।

फुले ने वर्ष 1873 में सत्यशोधक समाज की स्थापना की थी। इसका उद्देश्य जातिगत भेदभाव का विरोध करना, सामाजिक समानता स्थापित करना और शोषित-वंचित वर्गों के अधिकारों को बढ़ावा देना था। उनके सामाजिक सुधार और शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्य आज भी याद किए जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *